Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
CRIME

रोहड़ू में संदिग्ध हालात में महिला की मौत, घर में लूट की आशंका

Fir

शिमला, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। घटना की रात घर में अज्ञात लोगों की संदिग्ध गतिविधियों, कमरों के बाहर से कुंडी लगाने और सामान बिखरे मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस ने बेटे की शिकायत पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं 127(2), 331(4), 305, 62 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है। यह केस दीपक शर्मा के बयान पर पंजीकृत किया गया है। दीपक शर्मा मृतक बुजुर्ग महिला के पुत्र हैं और रोहडू के गांव पावली के रहने वाले हैं।

दीपक शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 दिसंबर की रात करीब 11 बजे उन्होंने अपने पैतृक मकान में कुछ अज्ञात लोगों की संदिग्ध हलचल सुनी। इस पर डर के कारण उनकी मां कौशल्या देवी ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। आरोप है कि इसके बाद अज्ञात लोगों ने उनकी मां के कमरे का दरवाजा बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया। साथ ही दीपक शर्मा के कमरे के बाहर भी पत्थर लगाकर दरवाजा रोक दिया गया, ताकि वह बाहर न निकल सकें।

कुछ समय बाद जब हालात सामान्य नहीं लगे तो परिवार के लोगों ने देखा कि कौशल्या देवी अपने कमरे में बेहोशी की हालत में पड़ी थीं। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल रोहड़ू ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद जब घर की जांच की गई तो शिकायतकर्ता के बड़े भाई संदीप शर्मा के कमरे का ताला टूटा हुआ मिला और कमरे के अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था। इससे घर में घुसपैठ और लूटपाट की आशंका जताई जा रही है।मृतक कौशल्या देवी का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल रोहड़ू में कराया गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *