वृंदावन बांके बिहारी मंदिर : गोस्वामी समाज की महिलाओं ने किया प्रदर्शन

कमेटी पर परंपराओं, मर्यादाओं से खिलवाड़ कर गोस्वामी समाज को परेशान करने का लगाया आरोप
मथुरा, 23 दिसम्बर(Udaipur Kiran) । वृंदावन बांके बिहारी मंदिर के सेवायत गोस्वामी समाज की महिलाएं एक बार फिर बांके बिहारी के द्वार पर इकट्ठा हुई। वे सुप्रीम कोर्ट द्वारा बनाई गई हाई पावर कमेटी द्वारा परंपराओं और मर्यादाओं से खिलवाड़ को लेकर हमलावर रहीं। उन्होंने गोस्वामी समाज को बेवजह परेशान करने का आरोप कमेटी पर लगाया।
मंगलवार दोपहर राजभोग आरती के बाद गोस्वामी समाज की महिलाएं बांके बिहारी मंदिर के मुख्य द्वार पर इकट्ठा हुई। जहां उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि कमेटी भीड़ मैनेजमेंट और सुविधाजनक दर्शनों को करवा पाने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। लोग परेशान है लेकिन कमेटी को इससे कोई सरकार नहीं। उनकी नजर कभी मंदिर के खजाने और कभी मंदिर की व्यवस्थाओं को तितर बितर करने पर है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कमेटी के पदाधिकारी अगर वास्तव में सेवा करना चाहते हैं तो वह मंदिर के पैसों पर सुविधाओं का उपभोग बंद करें और निस्वार्थ भाव से सेवा कार्य करें। कभी लाइव स्ट्रीमिंग और कभी ठाकुरजी के भोग में हीलाहवाली जैसी कमेटी की खामियों को लेकर महिलाओं ने कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। नीलम गोस्वामी ने कहा कि यदि कमेटी ने तुरंत अपने तुगलकी फरमान वापस नहीं लिए तो आंदोलन होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि गोस्वामी समाज को परेशान करने का कार्य कमेटी द्वारा किया जा रहा है। महिलाओं ने मांग की कि जगमोहन सेवायत परिवारों की महिलाओं के लिए खोला जाए जिससे उनके मर्यादित अधिकारों का संरक्षण हो सके।
(Udaipur Kiran) / महेश कुमार



