Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

महिला शाखा ने निःशुल्क वितरित किए गोबर व मिट्टी से बने दीये

फोटो

औरैया, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में समाजसेवी संगठन “एक विचित्र पहल सेवा समिति” की महिला शाखा ‘तुलसी सखी ग्रुप’ ने दीपावली पर्व के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और भारतीय परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए गाय के गोबर और मिट्टी से बने दीयों का निःशुल्क वितरण किया।

यह कार्यक्रम गुरुवार काे शहर के होमगंज, परिहार टोला, फूलगंज और दिबियापुर रोड क्षेत्र में आयोजित हुआ। इस दौरान शाखा की महिलाओं ने ठेला, खोमचा चलाने वाले छोटे दुकानदारों, सब्जी विक्रेताओं, राहगीरों और स्थानीय महिलाओं को गोबर व मिट्टी से निर्मित पर्यावरण अनुकूल दीये भेंट किए।

शाखा की अध्यक्ष लक्ष्मी बिश्नोई ने बताया कि “गाय गोबर से बने दीये शुद्धता, समृद्धि और नई ऊर्जा के प्रतीक हैं। इनकी रोशनी से घरों में सकारात्मकता आती है और लक्ष्मी माता की कृपा प्राप्त होती है।” उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित करना और पर्यावरण को सुरक्षित रखना है।

कार्यक्रम के दौरान शाखा की सदस्य मंगला शुक्ला ने लोगों को गोबर के दीयों के महत्व और उनके स्वास्थ्य एवं पर्यावरणीय लाभों के बारे में जानकारी दी।

इसी क्रम में शाखा की बैठक क्रॉनिक एकेडमी में अध्यक्ष लक्ष्मी बिश्नोई की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी धार्मिक आयोजन ‘तुलसी विवाह’ को भव्यता से मनाने का निर्णय लिया गया। तुलसी विवाह का आयोजन 2 नवंबर 2025 (रविवार) को प्रातः 10 बजे से श्री पोरवाल धर्मशाला, होमगंज में किया जाएगा, जबकि पूजन कार्यक्रम 12:30 बजे से प्रारंभ होगा।

कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष एकता गुप्ता, दामिनी गुप्ता, महिमा अग्रवाल, मंगला शुक्ला, काजल पोरवाल, मधु बिश्नोई, पुष्पा गुप्ता और नीलम अग्रवाल सहित कई सदस्य उपस्थित रहीं। अध्यक्ष ने क्षेत्र की सभी माताओं और बहनों से धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने की अपील की।

—————

(Udaipur Kiran) कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *