Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

वाराणसी : गोवर्धन पूजनोत्सव में यदुवंशी बुधवार को निकालेंगे भव्य शोभा यात्रा, पूरी तैयारी

चेतगंज थाने के सामने यादव समाज का प्रतिनिधि मंडल

—शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, रासलीलाओं की झांकी की प्रस्तुति होगी, नमो घाट पर गोवर्धन धारी की पूजा करेंगे समाज के लोग

वाराणसी, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दीपावली पर्व के बाद बुधवार को केसरिया साफा बांधे यदुवंशी चेतगंज थाने के सामने हथुआ मार्केट के मुख्य गेट से विशाल गोवर्धन पूजनोत्सव शोभा यात्रा निकालेंगे। गोवर्धन पूजा समिति के बैनर तले निकलने वाली अखिल भारतीय गोवर्धन पूजनोत्सव शोभा यात्रा का उद्घाटन मल्हनी विधायक लकी यादव करेंगे। मंगलवार को गोवर्धन पूजा समिति के सदस्यों ने शोभा यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चेतगंज थाने में थाना प्रभारी के साथ बैठक की। बैठक में थाना प्रभारी को समिति के पदाधिकारियों ने शोभा यात्रा को लेकर जानकारी दी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी। बैठक में विनोद यादव ‘गप्पू’, दिनेश यादव, इंजीनियर अशोक यादव आदि शामिल रहे। समिति के अध्यक्ष विनोद यादव ‘गप्पू’ ने बताया कि शोभा यात्रा में उल्लास पूर्ण माहौल में ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकने के साथ परम्परागत मनरी कला (लट्ठबाजी) का प्रदर्शन होगा। शोभा यात्रा में आकर्षक झांकियां, वाहनों पर मथुरा और छत्तीसगढ़ के कलाकारों के रासनृत्य, भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़ी झांकियां, वीर अहिरों के रेजांगला युद्ध, वीर लोरिक और बचउवीर की शेर से युद्ध वाली झांकियां आकर्षण करेंगी। इसके अलावा शिव पार्वती, भगवान बलराम श्री कृष्ण की झांकी एवं ग्वाल-बाल की टोली, भूतभावन भगवान शंकर की अघोरी रूप भी दिखेंगा। शोभा यात्रा के आगे-आगे शानदार आतिशबाजी का भी प्रदर्शन होगा। शोभा यात्रा के स्वागत में जगह-जगह तोरण द्वार बनाया गया है। जगह-जगह पर जलपान के स्टॉल लगाकर शोभा यात्रा में शामिल लोगों को जलपान कराया जाएगा। शोभा यात्रा परम्परागत मार्ग लहुराबीर, पिपलानी कटरा, कबीरचौरा, मैदागिन, विशेश्वरगंज, मच्छोदरी, प्रहलाद घाट, भैसासुरघाट, राजघाट होते हुए गोवर्धन धाम पहुंचेगी। यहां गोवर्धनधाम में समाज के लोग गोवर्धनधारी (भगवान श्रीकृष्ण) का पूजन-अर्चन करेंगे। यहां आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *