Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

यूपी का रोजगार हब बनने की ओर यमुना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र

यमुना एक्सप्रेस-वे

योगी सरकार इंडस्ट्री की डिमांड के अनुसार कौशल विकास को दे रही है बढ़ावा

लखनऊ, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश में रोजगार सृजन को केंद्र में रखते हुए सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को मजबूत आधार देना अब प्रदेश की औद्योगिक नीति का एक अहम हिस्सा बनता जा रहा है। इसी दिशा में यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में स्थापित होने जा रही एचसीएल और फॉक्सकॉन की संयुक्त ओसैट यूनिट को एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। इसी कारण अब यह कहा जाने लगा है कि सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के विस्तार के साथ यमुना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र तेजी से उत्तर प्रदेश के एक नए रोजगार हब के रूप में उभर रहा है। यह पहल न केवल औद्योगिक विकास को गति देगी बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।

एचसीएल ग्रुप की चेयरपर्सन, रोशनी मल्होत्रा के मुताबिक एचसीएल और फॉक्सकॉन की संयुक्त ओसैट यूनिट से उत्तर प्रदेश में रोजगार सृजन को नई दिशा मिलने जा रही है। प्रस्तावित परियोजना के माध्यम से प्रदेश में 3500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। इन नौकरियों में इंजीनियरिंग, तकनीशियन, उत्पादन विशेषज्ञ, गुणवत्ता नियंत्रण और प्रबंधन से जुड़ी भूमिकाएं शामिल होंगी। यह पहल प्रदेश में उच्च तकनीक आधारित रोजगार के एक मजबूत आधार के रूप में देखी जा रही है, जिससे युवाओं को आधुनिक उद्योग से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।

रोजगार की दृष्टि से इस परियोजना का प्रभाव केवल फैक्ट्री परिसर तक सीमित नहीं रहेगा। सेमीकंडक्टर यूनिट के साथ पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, कच्चा माल आपूर्ति उपकरण, रखरखाव और सेवा क्षेत्र से जुड़े कई सहायक उद्योग विकसित होंगे। इसके चलते हजारों अप्रत्यक्ष नौकरियों का सृजन होने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय एमएसएमई को भी विस्तार और नए व्यावसायिक अवसर प्राप्त होंगे, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

सेमीकंडक्टर उद्योग के साथ प्रदेश सरकार की ओर से स्किल डेवलपमेंट पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ओसैट परियोजना के अंतर्गत उन्नत तकनीकों में युवाओं को प्रशिक्षित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे ताकि प्रदेश की नई पीढ़ी को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा सके। इससे दीर्घकाल में युवाओं की रोजगार क्षमता मजबूत होगी और उन्हें वैश्विक स्तर के अवसर मिल सकेंगे।

राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में जेवर एयरपोर्ट के पास स्थापित होने जा रही यह यूनिट क्षेत्रीय विकास के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है। बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक औद्योगिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के चलते यह इलाका तेजी से हाई टेक रोजगार हब के रूप में उभर रहा है। निवेश के बढ़ते प्रवाह से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे बल्कि उत्तर प्रदेश सेमीकंडक्टर आधारित अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *