Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

संकट में सहारा बनी योगी सरकार, झुग्गी से पक्के मकान में पहुंची माया देवी, चेहरे पर आई खुशी

पक्के मकान में परिवार के साथ माया देवी

फिरोजाबाद, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सुहाग नगरी फिरोजाबाद के शिकोहाबाद विकास खंड की ग्राम पंचायत असुआ की रहने वाली माया देवी के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एक नई रोशनी बनकर आई है। जिसने न केवल उनके सिर पर छत दी, बल्कि उनके बच्चों के भविष्य को भी सुरक्षित किया।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ‘अंत्योदय’ के संकल्प को चरितार्थ करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद विकास खंड की ग्राम पंचायत असुआ की रहने वाली माया देवी की कहानी इस संकल्प की एक जीवंत मिसाल है। माया देवी का कहना है पति की आकस्मिक मृत्यु के बाद उनके जीवन में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। दो छोटे बच्चों के पालन- पोषण की जिम्मेदारी और रहने के लिए कोई पक्का मकान न होना उनकी सबसे बड़ी व्यथा थी। वह अपने परिवार के साथ तिरपाल से बनी एक कच्ची झुग्गी में रहने को मजबूर थीं। बारिश और ठंड के मौसम में कच्ची झुग्गी में रहना किसी चुनौती से कम नहीं था, साथ ही उन्हें हमेशा अपने और बच्चों की सुरक्षा का डर सताता रहता था।

विधवाओं के लिए बनी संजीवनीमाया देवी का कहना की जब उन्हें जानकारी हुई कि योगी सरकार विधवाओं और निराश्रित महिलाओं को विशेष प्राथमिकता के आधार पर आवास मुहैया करा रही है, तो उन्होंने आवेदन किया। पात्रता सर्वे के दौरान उन्हें उपयुक्त पाया गया और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उनके आवास की स्वीकृति मिल गई। सरकार द्वारा आवास निर्माण के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की कुल राशि तीन किस्तों में (40 हजार, 70 हजार और 10 हजार रुपये) सीधे उनके खाते में भेजी गई।

विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ

योगी सरकार की संवेदनशीलता यहीं खत्म नहीं हुई। माया देवी ने बताया कि उन्हें 90 दिन की मनरेगा मजदूरी के रूप में 22,680 रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। इस दोहरी सहायता ने उन्हें आर्थिक रूप से टूटने से बचा लिया और वह सम्मान के साथ अपना घर बना सकीं। आज उनका पक्का मकान पूरी तरह बनकर तैयार है, जहां वह अपने बच्चों के साथ सुरक्षित महसूस करती हैं। इसके साथ ही माया देवी को प्रधान मंत्री उज्ज्वला योजना से भी लाभान्वित हुई है।

सुनहरे भविष्य की नई शुरुआत आज माया देवी ने बताया कि वह अपने दुख भरे अतीत को पीछे छोड़कर खुशहाल जीवन जी रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कोटि- कोटि धन्यवाद करते हुए कहा कि इस घर ने उनके बच्चों को शिक्षा के लिए एक बेहतर माहौल दिया है। वह कहती हैं कि अब हमें बारिश या असुरक्षा का कोई डर नहीं है। सरकार ने हमें सिर्फ घर नहीं, बल्कि एक नया जीवन दिया है। माया देवी जैसी कहानी साबित करती है कि जब सरकारी नीतियां संवेदनशील हों, तो वे अंधेरे जीवन में खुशहाली का सवेरा ला सकती हैं।

जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का मुख्य उद्देश्य समाज के सबसे वंचित और जरूरतमंद वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ना है। माया देवी जैसी पात्र महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर आवास, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना और मनरेगा मजदूरी का लाभ दिया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार हमारा प्रयास है कि जनपद में कोई भी पात्र व्यक्ति आवास विहीन न रहे। माया देवी के जीवन में आया यह सकारात्मक बदलाव हमारे लिए संतोष का विषय है।

(Udaipur Kiran) / कौशल राठौड़

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *