योगी सरकार दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध: मंत्री नरेन्द्र कश्यप

–“दिव्य कला प्रदर्शनी” में लगभग 70 सरकारी–गैर सरकारी संस्थाओं ने लगाए स्टाल
लखनऊ, 05 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय कार्यक्रम का समापन किया। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा 3 से 5 दिसम्बर तक आयोजित तीन दिवसीय राज्यस्तरीय कार्यक्रम के समापन पर मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि योगी सरकार दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में समावेशी एवं सुलभ समाज के निर्माण हेतु सरकार की योजनाएँ और कार्यक्रम लगातार मजबूत हो रहे हैं और दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास सतत गति से आगे बढ़ रहे हैं।
मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि योगी सरकार दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि विभाग भविष्य में इस प्रकार के व्यापक कार्यक्रमों का और विस्तार करेगा, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। राज्यमंत्री ने सभी सहयोगी संगठनों, प्रतिभागियों, अधिकारियों, कलाकारों तथा सामाजिक संस्थाओं को सफल आयोजन हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि तीन दिवसीय कार्यक्रम सरकार की संवेदनशीलता और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है।
तीन दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान प्रदेश भर में जागरूकता रैलियाँ, परिचर्चाएं, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, सहायक उपकरण वितरण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ तथा कौशल विकास और रोजगार से संबंधित कई गतिविधियाँ आयोजित की गईं। जिनमें बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, संस्थाएं, विशेषज्ञ तथा सामाजिक संगठन शामिल हुए। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने दिव्यांगजनों के अधिकारों की रक्षा, उनकी शिक्षा, कौशल उन्नयन और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनका सकारात्मक परिणाम प्रदेश में देखने को मिल रहा है।
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन



