नहर में कूद कर युवक ने की आत्महत्या


सीतापुर, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बिसवां कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला संजय नगर में मंगलवार को एक युवक ने नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल व्याप्त है। आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कलह को वजह बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
मोहल्ला संजय नगर निवासी नंदू पुत्र मेवा लाल मंगलवार को पुरैनी पुल के पास पहुंचा और अचानक नहर में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को नहर में कूदते देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुकुल प्रकाश वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण शव की तलाश में काफी कठिनाई आई। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव घटनास्थल से करीब 800 मीटर दूर नहर से बरामद कर लिया गया।
शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / Mahesh Sharma



