Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
JHARKHAND

युवा राजद ने युवाओं व छात्रों की समस्याओं को लेकर राज्यपाल से की मुलाकात, सौंपा ज्ञापन

राज्यपाल सहित अन्य

रांची, 13 दिसंबर (Udaipur Kiran) । युवा राष्ट्रीय जनता दल (राजद), झारखंड प्रदेश के नेताओं ने शनिवार को युवाओं और छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्यपाल से मुलाकात की और शिक्षा, रोजगार तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित समस्याओं को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।

प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार यादव के नेतृत्व में राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने के बाद बताया गया कि राज्य के बड़ी संख्या में युवा आर्थिक परेशानियों के कारण पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों और गरीब परिवारों के छात्रों को अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों को रेल एवं बस यात्रा में किराया माफी या विशेष छूट दी जाए, ताकि आर्थिक तंगी परीक्षा में बाधा न बने।

छात्रवृत्ति भुगतान में हो रही देरी पर भी चिंता जताई गई। नेताओं ने कहा कि कई छात्र छात्रवृत्ति के सहारे अपनी पढ़ाई और कोचिंग जारी रखते हैं, लेकिन समय पर राशि नहीं मिलने से उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। इसके लिए छात्रवृत्ति व्यवस्था को पूरी तरह ऑनलाइन करने और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई।

कॉलेजों में वसूले जा रहे अतिरिक्त शुल्क का मुद्दा भी उठाया गया। युवा राजद ने कहा कि खेल, वाई-फाई और सांस्कृतिक गतिविधियों के नाम पर लिए जा रहे शुल्क को अनिवार्य नहीं, बल्कि वैकल्पिक बनाया जाना चाहिए।

इसके अलावा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में बढ़ाई गई फीस को वापस लेने की मांग रखी गई। संगठन का कहना है कि बढ़ी हुई फीस गरीब छात्रों पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। साथ ही सेना भर्ती प्रक्रिया को हर जिला मुख्यालय में आयोजित करने की मांग भी की गई, ताकि ग्रामीण इलाकों के युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने में सुविधा हो।

राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में रंजन कुमार यादव, शौकत अंसारी, क्षितिज मिश्रा और आनंद यादव शामिल थे।————-

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *