Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

बोलेरो-बाइक की जोरदार टक्कर, घायल युवक की अस्पताल में मौत

प्रतीकात्मक फोटो

मीरजापुर, 23 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हलिया थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार में बुधवार रात बोलेरो और बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार की गुरुवार सुबह मौत हो गई। हादसे के बाद से गांव में मातम पसरा है।

जानकारी के अनुसार, हलिया क्षेत्र के धमौली गांव निवासी लालचंद (35) बुधवार रात अपनी बाइक से पिपरा बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब साढ़े आठ बजे जब वह हलिया-लालगंज मार्ग पर स्थित देसी शराब की दुकान के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और लालचंद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

स्थानीय लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। गुरुवार सुबह उपचार के दौरान लालचंद की मौत हो गई।

सूचना पर हलिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक की पत्नी गीता देवी की तहरीर पर बोलेरो और उसके अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बोलेरो वाहन पुलिस के कब्जे में है और चालक की तलाश की जा रही है।

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *