Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HEADLINES

भारत दौरे के वीडियो से युवभारती स्टेडियम गायब, मेसी के वीडियो में हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली की यादें

मेसी

कोलकाता, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । फुटबॉल के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी ने भारत दौरे की यादों से जुड़े एक वीडियो को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है। हालांकि, इस वीडियो में पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित युवभारती (साल्टलेक) स्टेडियम के कार्यक्रम को जगह नहीं दिए जाने से चर्चाएं तेज हो गई हैं।

मेसी की ओर से साझा किए गए वीडियो में हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली के कार्यक्रमों की झलकियां प्रमुख रूप से दिखाई गई हैं, जबकि कोलकाता से जुड़ा केवल एक दृश्य शामिल किया गया है और वह है मेसी की मूर्ति के अनावरण का क्षण। युवभारती स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम की कोई अन्य झलक वीडियो में नजर नहीं आती।

वीडियो में हैदराबाद में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ फुटबॉल खेलते हुए, बच्चों के साथ मैदान पर समय बिताते हुए और दर्शकों का अभिवादन करते हुए मेसी के दृश्य शामिल हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के साथ उनकी बातचीत भी वीडियो का हिस्सा है। इसके अलावा दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम से जुड़े संक्षिप्त दृश्य भी दिखाए गए हैं।

पूरे वीडियो में मेसी के साथ लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल को विभिन्न कार्यक्रमों में मुस्कुराते हुए देखा जा सकता है। मैदान के बाहर के आयोजनों की झलक भी वीडियो में है, जिसमें मुंबई के ब्रेबोर्न स्थित क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में पैडल कप में उनकी मौजूदगी और अभिनेत्री करीना कपूर खान के साथ तस्वीरें शामिल हैं।

कोलकाता प्रवास के दौरान मेसी की कई प्रमुख हस्तियों से मुलाकात हुई थी। युवभारती में उनके साथ नजर आए राज्य के मंत्री अरूप विश्वास वीडियो में दिखाई नहीं देते, जबकि उद्योगपति संजीव गोयनका और पार्थ जिंदल वीडियो में नजर आते हैं। युवभारती को वीडियो में स्थान न मिलने के बावजूद मेसी ने वीडियो के कैप्शन में कोलकाता का उल्लेख किया है।

मेसी ने कैप्शन में लिखा, “नमस्कार भारत। दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और कोलकाता में मिले प्यार और आतिथ्य के लिए धन्यवाद। मुझे उम्मीद है कि भारत में फुटबॉल का भविष्य उज्ज्वल होगा।” उन्होंने इस दौरे के मुख्य आयोजक शतद्रु दत्त का नाम भी कैप्शन में शामिल किया है, जिनकी इस मामले में गिरफ्तारी हो चुकी है।

इसके साथ ही मेसी ने भारत और भारतीयों के लिए एक भावुक संदेश भी साझा किया। उन्होंने कहा कि भारत में उन्हें जो प्यार मिला, वह अविस्मरणीय है। दौरा भले ही छोटा रहा हो, लेकिन मिले स्नेह ने सारी थकान दूर कर दी। मेसी ने उम्मीद जताई कि भविष्य में वे भारत में खेलेंगे, और यदि ऐसा संभव न हो सका तो भी वे दोबारा भारत जरूर आएंगे।

मेसी की भारत यात्रा से जुड़े इस वीडियो में युवभारती स्टेडियम को अपेक्षित स्थान न मिलने को लेकर अब राजनीतिक और खेल जगत में चर्चाओं का दौर जारी है।———–

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *