अजमेर, 16 अगस्त (Udaipur Kiran). अजमेर जिले के किशनगढ़ में रक्षाबंधन के दिन हुए संजू सैनी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. भाजपा नेता रोहित सैनी ने अपनी पत्नी संजू की गला काटकर हत्या की थी, और इस खौफनाक वारदात के पीछे उसकी प्रेमिका ऋतु सैनी का दबाव सामने आया है. पुलिस ने ऋतु सैनी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी रोहित सैनी, उसके साथी रवि मेघवाल और एक नाबालिग पहले से ही हिरासत में हैं.

एएसपी (ग्रामीण) दीपक कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि रोहित और ऋतु पिछले दो साल से संबंध में थे. ऋतु तलाकशुदा है, एक निजी स्कूल में शिक्षिका है और उसकी चार वर्षीय बेटी भी है. वह लगातार रोहित पर दबाव बना रही थी कि जब तक वह पत्नी को रास्ते से नहीं हटाएगा, तब तक वह साथ नहीं देगी. इसी के चलते रोहित ने रक्षाबंधन के दिन पत्नी संजू को लेकर ससुराल रलावता गांव गया. लौटते समय किशनगढ़ के हाथी खान-सिलोरा रोड पर उसके साथी रवि और नाबालिग पहले से मौजूद थे. तय योजना के मुताबिक रोहित ने बाइक गिराई, पत्नी को काबू किया और गला काटकर उसकी हत्या कर दी.
घटना को लूट का रूप देने के लिए आरोपी झुमके, नकदी और मोबाइल लेकर भाग गए, जबकि मंगलसूत्र मौके पर छोड़ दिया, जिससे पुलिस को लूट की कहानी पर शक हुआ.
तीन कारणों से पति रोहित पुलिस के शक के घेरे में आया.
पहला, उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं थे, जबकि उसने मारपीट की कहानी बताई थी.
दूसरा, अगर लूट होती तो गले का मंगलसूत्र भी ले जाते.
तीसरा, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन थी और पंचायत भी हो चुकी थी, इसके बावजूद रोहित ने पुलिस को झगड़े से इनकार किया.
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की योजना पहले ही बना ली गई थी. रोहित ने वारदात से पहले कैंची और चाकू खरीदे, और अपने साथियों को मोबाइल से दूर रखा ताकि लोकेशन ट्रेस न हो सके. घटना के बाद रोहित पत्नी के शव के पास बैठकर रोने का नाटक करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सारा सच कबूल लिया.