जयपुर, 16 अगस्त (Udaipur Kiran). राजधानी जयपुर के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित नाहरगढ़ की पहाड़ियों में Saturday को एक नर कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई. यह नर कंकाल करीब सौ फीट गहरी खाई में पड़ा हुआ था, जिसे घूमने आए युवकों ने देखकर पुलिस को सूचना दी. बताया जा रहा है कि कंकाल लगभग एक महीने पुराना है और उसके शरीर का करीब 70 फीसदी हिस्सा जंगली जानवर खा चुके थे. पुलिस ने सिविल डिफेंस और एफएसएल टीम की मदद से कंकाल को बरामद कर साक्ष्य जुटाए हैं. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि नरसिंह कॉलोनी के पास पहाड़ी पर घूमने पहुंचे युवकों ने गहरी खाई में नर कंकाल होने की जानकारी पुलिस को दी थी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, जिसके बाद सिविल डिफेंस और एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया. मौके से नर कंकाल, कपड़े, जींस, शर्ट और नए जूते मिले हैं. कंकाल के कपड़ों से पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
शेखावत ने बताया कि मौके पर केवल खोपड़ी, दांत, पैर-हाथ की हड्डियां, जींस, शर्ट और जूते ही बरामद हुए हैं. डॉक्टरों की टीम ने कंकाल की जांच के बाद उसे मोर्चरी में रखवा दिया है. पुलिस का कहना है कि अगर मृतक किसी के साथ पहाड़ियों में गया था, तो उसके साथियों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दी होगी. नाहरगढ़ और ब्रह्मपुरी थाना पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है. अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. डीएनए जांच के जरिए आगे की कार्रवाई की जाएगी.