प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और संगोष्ठी में महिलाओं व छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
टोंक, 10 सितम्बर (Udaipur Kiran News). सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कोटा द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग, टोंक ग्रामीण, ग्राम पंचायत, शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से बुधवार को खजूरीया में विशेष प्रचार अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान विषय पर प्रदर्शनी, मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और संगोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में महिलाओं और छात्र-छात्राओं को संविधान और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई.

संविधान और मौलिक अधिकारों पर जानकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने कहा कि संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार द्वारा हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इसी क्रम में प्रदर्शनी लगाकर लोगों को संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी जा रही है. उन्होंने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण की आवश्यकता पर भी जोर दिया. साथ ही, गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को देश के विकास में भागीदार बनाने के लिए उन्हें योजनाओं की जानकारी लेने और लाभ उठाने की अपील की.
महिला व शिक्षा योजनाओं की जानकारी
महिला एवं बाल विकास विभाग की महिला पर्यवेक्षक मीना देवी बैरवा ने महिलाओं के विकास से जुड़ी केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी. नई शिक्षा नीति पर पीओ धर्मराज गुर्जर ने विस्तार से प्रकाश डाला. विद्यालय के प्रधानाचार्य नंद सिंह तंवर ने देव नारायण योजना और गार्गी पुरस्कार योजना की जानकारी साझा की.
प्रश्नोत्तरी और सम्मान
कार्यक्रम में हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान विषय पर मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई. सही उत्तर देने वाले विजेता प्रतिभागियों को सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा, महिला पर्यवेक्षक मीना देवी बैरवा, प्रधानाचार्य नंद सिंह तंवर और पीओ धर्मराज गुर्जर ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया.
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मंदसौर बैरवा, संतरा देवी, विद्यालय के व्याख्याता हेमराज गुर्जर, गांव की महिलाएं और छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे.