


पश्चिम मेदिनीपुर, 14 नवम्बर (Udaipur Kiran) . जिले में अमन धान कटाई का मौसम शुरू होने से पहले ग्रामीण क्षेत्रों में हर साल बनने वाली सड़क–क्षतिग्रस्त होने की समस्या को देखते हुए दांतन पुलिस व प्रशासन सक्रिय हो गया है. धान खेतों से उठाकर घर या गोदाम तक लाने के दौरान ट्रैक्टर और हार्वेस्टर के चक्कों में चिपकी कादामाटी (कीचड़) अक्सर ग्रामीण सड़कों पर गिरकर उन्हें खराब कर देती है. इस समस्या पर रोक लगाने के लिए गुरुवार शाम दांतन थाना परिसर में विशेष बैठक आयोजित की गई.
बैठक में दांतन–1 और दांतन–2 ब्लॉकों के सभी ट्रैक्टर व हार्वेस्टर मालिकों और एजेंटों को बुलाया गया. प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान ढुलाई के दौरान सड़कों को साफ व सुरक्षित रखना अब मालिकों और एजेंटों की जिम्मेदारी होगी. इसके लिए प्रत्येक मालिक को स्थानीय ग्राम पंचायत में मुछलखा जमा करके अनुमति लेनी होगी. नियमों का अनुपालन न करने पर प्रशासन कार्रवाई करेगा.
बैठक में दांतन–1 के बीडीओ उत्पल सरदार, दांतन–2 के बीडीओ अभिरूप भट्टाचार्य, दांतन थाना प्रभारी तीर्थ सरथी हालदार, पंचायत समिति के कर्माध्यक्ष दीपक घोष, जनप्रतिनिधि तरुण दास सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे. अधिकारियों ने सभी मालिकों को जागरूक करते हुए कहा कि धान कटाई के दौरान ग्रामीण सड़कों की स्वच्छता और संरक्षण अत्यंत आवश्यक है, ताकि आम लोगों के आवागमन में असुविधा न हो.
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस बार प्रशासन के उठाए कदम से धान कटाई के मौसम में सड़कें खराब होने की समस्या काफी हद तक नियंत्रित होगी.
—————
(Udaipur Kiran) / अभिमन्यु गुप्ता
