Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
JHARKHAND

मारवाड़ी धर्मशाला का नाम यथावत रखे प्रशासन : सुरेशचंद्र

धर्मशाला की फाइल फोटो

रांची, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने लोहरदगा के उपायुक्त डॉ कुमार ताराचंद्र को ज्ञापन भेजकर सन् 1945 से मारवाड़ी समाज की ओर से संचालित खेमराज स्मृति भवन मारवाड़ी धर्मशाला का नाम यथावत रखने और इसे वंशजों के कब्जे से मुक्त कराकर समाज को वापस दिलाने की मांग की है।

प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल और महामंत्री विनोद कुमार जैन ने उपायुक्त को पत्र लिखकर इस बाबत कार्रवाई करने की मांग की है। सुरेश चंद्र ने बताया कि धर्मशाला दानदाताओं ने समाज को जनसेवा के उद्देश्य से दी गई थी और तब से यहां स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा, खेल, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम लगातार आयोजित होते रहे हैं। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर 2018 को वंशजों के पुत्रों ने जबरन धर्मशाला का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया और भवन पर लिखे सन् 1945 और धर्मशाला जैसे ऐतिहासिक चिन्हों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मामला कोर्ट में गया जहां 26 अगस्त 2021 को अनुमंडल पदाधिकारी ने मारवाड़ी समाज के पक्ष में फैसला दिया, लेकिन विपक्ष ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर दी, जो विचाराधीन है।

वहीं नगर परिषद की ओर से धर्मशाला का नाम बदलने संबंधी विज्ञापन जारी किया गया है, जिसके विरोध में सम्मेलन ने रोक लगाने की मांग की है। संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि ज्ञापन की प्रतिलिपि नगर परिषद और अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन, कोलकाता को भी भेजी गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *