अतिक्रमण पर प्रशासन की सख्ती, लोहिया पुल से ततारपुर तक चला अभियान

भागलपुर, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भागलपुर में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। रविवार को लोहिया पुल से लेकर ततारपुर तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
इस अभियान में सदर एसडीएम विकास कुमार, सिटी डीएसपी अजय चौधरी, यातायात डीएसपी संजय कुमार, नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी के साथ भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाकर यातायात बाधित कर रहे दुकानदारों पर कार्रवाई की गई। कई दुकानदारों से मौके पर ही जुर्माना वसूला गया, जबकि कई दुकानों का सामान जब्त किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मौके पर मौजूद सदर एसडीएम विकास कुमार ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। वहीं सिटी डीएसपी अजय चौधरी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती से आम लोगों को जाम और अव्यवस्थित यातायात से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / बिजय शंकर



