Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

अटल जी ने भाजपा को सिफर से शिखर तक पहुंचाया : केशव प्रसाद मौर्य

सम्मानित करते डिप्टी सीएम
सम्बोधित करते डिप्टी सीएम

–फर्जी वोटोंरों का युग अब समाप्त होगा : केशव प्रसाद मौर्य–भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई के जीवन पर आधारित लघु फिल्म का किया गया प्रसारण

प्रयागराज, 30 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । जिला पंचायत सभागार में मंगलवार को भाजपा प्रयागराज महानगर द्वारा आयोजित “अटल एक व्यक्तित्व एवं एक विचारधारा“ विषय पर संगोष्ठी हुई। बतौर मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अटल जी के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अटल जी ने भारतीय जनता पार्टी के वैचारिक आधार को आकार दिया। जैसे समुद्र की कोई थाह नहीं है वैसे ही अटल जी के व्यक्तित्व की कोई थाह नहीं। भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी एक विशाल वट वृक्ष के रूप में सामने है तो उसकी जड़ में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय व अटल बिहारी बाजपई का परिश्रम है।

उन्होंने आगे कहा कि स्वर्णिम चतुर्भुज योजना के तहत पूरे हिन्दुस्तान में अटल जी ने सड़कों का जाल बिछाया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की शुरुआत अटलजी ने की। डिजिटल इंडिया की नींव अटलजी ने रखी। उनके प्रधानमंत्री बनने से पहले गैस सिलेंडर के लिए लाइने लगती थीं। आज तो गरीब के घर तक उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर पहुंच चुका है। अटल जी के अधूरे स्वप्न को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक-एक करके पूरा कर रहे हैं। आज हम विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश बनने जा रहे हैं।

डिप्टी सीएम ने एसआईआर पर कहा कि ये लोकतंत्र का महायज्ञ है, इसमें कोई घुसपैठिया नहीं रह पाएगा। विपक्ष में जो लोग बैठे हैं इन्हें अगर फर्जी वोट न मिले तो ये सदन का मुंह नहीं देख पाएंगे। आने वाले दिनों में फर्जी वोट नहीं मिलेंगे। भाजपा को शून्य से शिखर तक पहुंचाने का काम अटल जी ने किया। जिस तरह पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत सशक्त हो रहा है एक दिन पूरी दुनिया कहेगी कि हमारे घर का सदस्य भारत में है। हमारा लक्ष्य भ्रष्टाचार मुक्त भारत है। भाजपा न तो जातिवादी है न परिवारवादी है बल्कि राष्ट्रवादी पार्टी है। मनरेगा अब भ्रष्टाचार मुक्त है। गांव के विकास के लिए जो पैसा आयेगा उसे गांव के विकास में लगाना पड़ेगा। अब दिल्ली से चला एक रुपया पूरा का पूरा पहुंचेगा ये मोदी की गारंटी है।

केशव मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी विदेशों में पाकिस्तान की सेना का जयगान करते हैं। ये सुरक्षित भारत है। आतंकवाद, जातिवाद, नक्सलवाद से मुक्त होने की ओर भारत अग्रसर है। जब संसद में भाजपा के सिर्फ दो सांसद थे तो विपक्ष ने अटल जी का उपहास किया था और उस समय अटल जी ने कहा था कि कांग्रेसियों आज हम पर हंस रहे हो एक दिन ऐसा आयेगा जब देश-प्रदेश में हमारी सरकार होगी और देश तुम पर हंसेगा और आज वही हो रहा है।

वन्देमातरम पर डिप्टी सीएम ने कहा कि राष्ट्रभक्ति की चेतना का गीत है वन्देमातरम। भाजपा के साथ देश व प्रदेश खड़ा हो गया है। 370 हटाकर पीएम मोदी ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि दिया। भाजपा की डबल इंजन सरकार में आज नया वर्ष मनाने के लिए लोग समुद्र के किनारे नहीं बल्कि काशी, मथुरा, अयोध्या जा रहे हैं। हम अपने जीवन में अटलजी के जीवन से प्रेरणा लें। राजनीति में अहंकार नहीं होना चाहिए। अब बूथ लूटने की किसी की सामर्थ्य नहीं है। अब मतदाता सूची शुद्ध हो रही है। 2027 में बड़ी विजय प्राप्त करेंगे। 2027 में 368$ करना है, इसका संकल्प लें।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा राष्ट्रीय प्रशिक्षण अभियान के प्रदेश सह संयोजक डॉ शैलेष पांडेय ने किया। भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने आभार ज्ञापन दिया। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय व भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर व वन्देमातरम गीत तथा अटलजी के जीवन पर लघु फिल्म के प्रदर्शन के बाद कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

इस दौरान गंगापार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, डॉ नरेंद्र कुमार सिंह गौर, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीके सिंह, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, गुरु प्रसाद मौर्य, प्रभाशंकर पाण्डेय, राजेंद्र मिश्र, विभूति नारायण सिंह, विनोद प्रजापति, एमएलसी डॉ केपी श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव, राजू पाठक, राजन शुक्ला, गिरिजेश मिश्रा, मनोज कुशवाहा, पवन श्रीवास्तव, सह मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा, विश्वास श्रीवास्तव, विजय पटेल, अरुण पटेल, आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

–खुशबू निषाद को किया सम्मानितमीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान लेबनान में आयोजित IMMAF एशिया MMA चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली प्रयागराज की खुशबू निषाद का डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि खुशबू निषाद की यह ऐतिहासिक उपलब्धि भारतीय बेटियों के साहस, अनुशासन और कड़ी मेहनत का प्रतीक है। खुशबू जैसी बेटियां ही नए भारत की असली ताक़त हैं। उनकी सफलता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है और ऐसे जज़्बे को सम्मान देना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि बेटियां आगे बढ़ेंगी, तभी देश आगे बढ़ेगा। भाजपा ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देकर बेटियों के प्रति समाज की सोच बदली। खुशबू निषाद ने प्रयागराज देश व प्रदेश का नाम ऊंचा किया है।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *