राज्य के विकास के लिए पूरी ईमानदारी से जुटी भजनलाल सरकार: पीएम मोदी
बांसवाड़ा, 25 सितम्बर (Udaipur Kiran News)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में काम कर रही राजस्थान सरकार की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों में पूरी ईमानदारी से जुटी हुई है और पूर्ववर्ती सरकार के समय मिले ‘जख्मों’ को भरने का काम कर रही है।

बांसवाड़ा से देशभर की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में राजस्थान “पेपर लीक का केंद्र” बन गया था, ‘जल जीवन मिशन’ भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया था और महिलाओं पर अत्याचार चरम पर थे। उन्होंने बताया कि बांसवाड़ा, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ जैसे इलाकों में अपराध और अवैध शराब का कारोबार तेजी से बढ़ रहा था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया है और विकास योजनाओं को गति दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान में बड़े प्रोजेक्ट स्थापित किए जा रहे हैं, साथ ही हाईवेज और एक्सप्रेसवेज का मजबूत नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, जो राज्य के विकास को नई दिशा देगा।



