बिहार के गैंग ने भुरकुंडा से उड़ाए करोड़ के जेवर



रामगढ़, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । रामगढ़ जिलेके भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में जेवर दुकान में लूटपाट की घटना से एक बार फिर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। रामगढ़ पुलिस उस गैंग को तलाश रही है, जिसने करोड़ों रुपये के सोने और चांदी क जेवर लूटे हैं। लगभग डेढ़ किलो सोने के ज़ेवर और 100 किलो चांदी के साथ लाखों रुपए नगद उड़नेवाले चोरों की तलाश झारखंड से बाहर बिहार में हो रही है। भुरकुंडा के विजय ज्वेलर्स से हुई डकैती ने रामगढ़ पुलिस को एक बार फिर चौका दिया है। इससे पहले रामगढ़ शहर में बिहार से आए हाई प्रोफाइल डकैतों ने एक जेवर व्यवसाई को लूटने का प्रयास किया था। उस लूट में असफल रहे डकैत बड़ी मुश्किल से पुलिस के गिरफ्त में आए थे। इस बार फिर शायद इस गैंग के कुछ हाई प्रोफाइल सदस्यों ने रामगढ़ पुलिस को चुनौती दी है।
बाइक पर सवार सात लोगों ने डकैती को दिया अंजाम
विजय ज्वेलर्स मेंं डकैती की घटना में कुल सात लोग शामिल थे। पांच लोग दुकान के अंदर घुसे और शटर बंद कर दिया। दो लोग दुकान के बाहर बाइक पर मौजूद थे। कुछ ही पलों में दुकान को साफ करने के बाद सभी डकैत बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। भुरकुंडा बाजार की भीड़ से निकलने के लिए ही उन्होंने बाइक का इस्तेमाल किया।
हथियारबंद अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
जितने डकैत दुकान में घुसे थे, वे सभी हथियार से लैस थे। विजय ज्वेलर्स के मालिक ने बताया कि अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर करोड़ों रुपए के जेवर और नगदी लूटे हैं। सभी अपराधियों ने अपने चेहरे ढंके थे। सीसीटीवी कैमरे में सारी घटना रिकॉर्ड हुई है।
रामगढ़ पुलिस अपराधियों की कर रही शिनाख्त
रामगढ़ पुलिस ने डकैती की इस वारदात को अपनी चुनौती के रूप में लिया है। एसपी अजय कुमार ने बताया कि अपराधियों की पहचान की जा रही है। किस स्थान पर अपराधी रुके थे, उसके लिए भी कई स्थानों पर छापेमारी हुई है। भुरकुंडा, हजारीबाग जिले की सीमा से जुड़ा हुआ है। इसलिए वहां के इलाके में भी जांच की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश



