Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

लोकतंत्र कमजोर कर रही भाजपा, माफियाओं को मिल रहा संरक्षण : आज़म खान

आजम खान सपा प्रदेश प्रवक्ता फाइल फोटो

जौनपुर,20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । यूपी के जौनपुर निवासी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आज़म खान ने शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर महिलाओं के प्रति असंवेदनशील रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का अपमान करने की यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी मुख्यमंत्री कई बार सार्वजनिक मंचों से ऐसे कृत्य कर चुके हैं, जिससे महिला सम्मान को ठेस पहुंची है।

हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिध से दूरभाष पर बातचीत में आज़म खान ने कहा कि नीतीश कुमार एक वरिष्ठ और अनुभवी मुख्यमंत्री हैं, उनसे इस तरह के आचरण की कतई उम्मीद नहीं की जा सकती। महिलाओं का सम्मान हर हाल में जरूरी है, चाहे वे किसी भी समाज से आती हों। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे देश से माफी मांगने की मांग की।उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश में कोडीन सिरप प्रकरण में सरकार लीपापोती कर रही है। आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ माफियाओं को बचाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि किसान आज बुरी तरह परेशान हैं, समय से खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है, नहरें सूखी पड़ी हैं और किसानों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है।

एक सवाल के जवाब में आज़म खान ने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का वाजिब मूल्य नहीं मिल रहा है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) केवल कागजों तक सीमित रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर को लेकर भाजपा की नीयत साफ नहीं है और वह लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। मौजूदा सरकार अल्पसंख्यकों, पिछड़ों और किसानों के खिलाफ नीतियां अपना रही है।आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर के मामले में प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन बनारस में जिस तरह पुलिसिया तामझाम के साये में उन्हें मीडिया से बातचीत करने से रोका गया, वह अंग्रेजी हुकूमत की याद दिलाता है।

(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *