Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
BIHAR

बिहार में सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज-पिपरा एनएच-327 ई पर बस पलटी, एक की मौत

पटना, 07 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । बिहार में सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज-पिपरा मुख्यमार्ग एनएच-327 ई पर यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई है। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई है, जबकि दर्जन भर यात्री जख्मी हो गए हैं। मृतक की पहचान संतोष राम उम्र 38 साल निवासी महेशुआ पंचायत के वार्ड नंबर 11 के रूप में हुई है।

घायलों में पिपरा थाना क्षेत्र के दीनापट्टी वार्ड 14 निवासी 16 वर्षीय सरस्वती कुमारी, 22 वर्षीय कृष्ण कुमार ठाकुर, राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही धर्मपट्टी वार्ड नंबर 09 निवासी 30 वर्षीय रबीना खातून, 7 वर्षीय मो. अरशद, जगतपुर वार्ड नंबर 11 निवासी 6 वर्षीय आशु खातून, 45 वर्षीय ईद मोहम्मद, 40 वर्षीय सहनिया खातून, त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के महेशुआ वार्ड 11 निवासी मंजू देवी, जदिया थाना क्षेत्र के मोहर्रमपुर बघेली वार्ड 1 निवासी 60 वर्षीय लक्ष्मण मेहता, पिपरा थाना क्षेत्र के हटबरिया वार्ड 14 निवासी 21 वर्षीय अजय कुमार, जदिया थाना क्षेत्र के बघेली वार्ड 9 निवासी 30 वर्षीय राजा कुमार शामिल है।

पुलिस के मुताबिक संतोष राम (मृतक) अपनी पत्नी मंजू देवी के साथ चिकित्सक के पास इलाज कराने के लिए जा रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार बस त्रिवेणीगंज से सुपौल जा रही थी, तभी बघला गांव के समीप तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर एनएच 327 ई से नीचे पानी से भरे खेत में पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और पानी में उतरकर बस को सीधा कर उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। कुछ देर बाद क्रेन और जेसीबी से बस को बाहर निकाला गया।

हादसे के संबंध में पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ विभाष कुमार और थानाध्यक्ष राकेश कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया, जहां सभी का इलाज चल रहा है। थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया है। यात्री बस को जब्त कर लिया गया है। चालक मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / गोविंद चौधरी

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *