Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
JHARKHAND

डीसी ने सुनी लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को कार्रवाई का दिया निर्देश

Photo

बोकारो, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिला प्रशासन की ओर से हम आपको सुनते हैं कार्यक्रम के तहत मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया।

जनता की शिकायत और समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं रखीं। जनता दरबार में डीसी अजय नाथ झा ने एक-एक शिकायतकर्ता से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल एवं प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इस दौरान कई मामलों का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया, जबकि कुछ मामलों को आवश्यक प्रक्रिया के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया।जनता दरबार में भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास, राशन कार्ड, बिजली–पानी, राशन वितरण, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, चुनाव ड्यूटी के दौरान मृत्यु पर मुआवजा, रोजगार संबंधी आवेदन, बैंक पेंशन भुगतान, लगान रसीद संशोधन, प्रधानमंत्री आवास योजना, झारखंड आंदोलनकारी से जुड़े मामले और चास नगर निगम क्षेत्र में भूमि की चारदिवारी से संबंधित मुद्दा प्रमुख रूप से सामने आए।

डीसी ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि लोगों को उनका अधिकार समय पर मिले और किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। जनता दरबार में लगभग 50 ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। सभी आवेदनों को आवश्यक निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा गया और डीसी ने अधिकारियों को कार्रवाई की जानकारी आवेदकों को देने का निर्देश दिया।

मौके पर अपर समाहर्ता मो मुमताज अंसारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खलको, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा और प्रभारी जनशिकायत कोषांग पियूष, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) / अनिल कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *