Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
BIHAR

डीडीसी ने पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ

खुराक पिलाते डीडीसी

भागलपुर, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिला अस्पताल भागलपुर में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने मंगलवार को पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की तथा कहा कि पल्स पोलियो अभियान बच्चों को आजीवन दिव्यांगता से बचाने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने आमजन से भी अपील किया कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने पांच वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं।

डीडीसी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, पर्यवेक्षकों एवं फील्ड कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पोलियो उन्मूलन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निर्देश दिया कि माइक्रोप्लान के अनुसार घर-घर जाकर अभियान संचालित किया जाए ताकि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए। विशेष रूप से शहरी मलिन बस्तियों, ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों एवं प्रवासी आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने निर्देश दिया कि पल्स पोलियो अभियान को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत कवरेज के साथ पूर्ण किया जाए। अभियान के दौरान सतत मॉनिटरिंग, प्रभावी पर्यवेक्षण एवं नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। साथ ही, किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई।

इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला स्वास्थ्य समिति के पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सेविका एवं अभियान से जुड़े अन्य कर्मी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने आपसी समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

—————

(Udaipur Kiran) / बिजय शंकर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *