लखनऊ : कमरे में मिला चप्पल कारीगर का शव, जांच में जुटी पुलिस

लखनऊ, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । लखनऊ के सहादतगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक चप्पल कारीगर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर के पीछे बने कमरे में उसका शव मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
सहादतगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्य ने बताया कि वजीरबाग तिहाई निवासी मोहम्मद आरिफ (42) अपने घर के पीछे कमरे में अचेत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पत्नी परवीन ने बताया कि उनके पति चप्पल के कारीगर थे। परिवार में बेटा आतिफ और बेटी शिफा है। कुछ दिनों के लिए वह बच्चों संग मायके गई थी। मंगलवार को जब वह वापस आई तो अपने पिता से मिलने के लिए बच्चे पीछे वाले कमरे में पहुंचे तो देखा कि आरिफ जमीन पर अचेत अवस्था में पड़े हैं। परिजनों ने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती तौर पर परिजन पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे, लेकिन काफी समझाने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और न ही फिलहाल परिजनों द्वारा कोई आरोप लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / Harsh Gautam



