जयपुर में जर्जर हवेली ढही, पिता-पुत्री की मौत, कई घायल
जयपुर, 6 सितंबर (Udaipur Kiran News)। राजधानी जयपुर में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। सुभाष चौक सर्किल स्थित बाल भारती स्कूल के पीछे बनी चार मंजिला जर्जर हवेली अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में सात लोग मलबे में दब गए। रेस्क्यू टीम ने चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन एक पिता और उसकी छह वर्षीय बेटी की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे का समय और रेस्क्यू
पुलिस के अनुसार, हादसा शुक्रवार रात करीब 12 बजे हुआ। मलबे में दबे प्रभात (33) और उनकी बेटी पीहू (6) की मौके पर ही मौत हो गई। प्रभात की पत्नी सुनीता (25) गंभीर रूप से घायल हुई है और उसे सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों रातभर मलबे में दबे रहे और शनिवार सुबह करीब सात बजे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद निकाले जा सके।
पुरानी हवेली बनी मौत का कारण
स्थानीय निवासियों के मुताबिक यह हवेली बेहद पुरानी और जर्जर हालत में थी, जो चूने से बनी हुई थी। हवेली में करीब 20 लोग किराये पर रहते थे, जिनमें अधिकांश पश्चिम बंगाल से आकर बसे थे।
राहत और बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया। रातभर चला रेस्क्यू अभियान शनिवार सुबह तक जारी रहा। इस दौरान एसीपी माणक चौक पीयूष कविया, रामगंज थानाधिकारी सुभाष कुमार और सुभाष चौक थानाधिकारी लिखमाराम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे।



