Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

पैरामेडिकल में मेरिट और बोनस के आधार पर भर्ती की मांग तेज

jodhpur

जोधपुर, 29 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । राजस्थान राज्य एलाइड एवं हेल्थ केयर प्रोफेशनल्स कैडर के बेरोजगार अभ्यर्थियों द्वारा गठित पैरामेडिकल भर्ती संघर्ष समिति 2025 ने राज्य सरकार से पैरामेडिकल संवर्ग के 4000 पदों पर भर्ती मेरिट-बोनस अंक (10, 20, 30) के आधार पर विज्ञप्ति जारी करने की मांग की है।

समिति के जिला उपाध्यक्ष डुगंरराम बेनीवाल ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत वर्षों से लैब टेक्नीशियन, सहायक रेडियोग्राफर, ईसीजी टेक्नीशियन, डेंटल टेक्नीशियन, ऑप्थैल्मिक टेक्नीशियन सहित अनेक पदों पर कार्यरत संविदा, एनएचएम, पीपीपी एवं प्लेसमेंट कर्मी राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं। कोविड काल से लेकर आज तक इन कर्मियों ने सीमित संसाधनों में भी अपनी सेवाएं देकर जनस्वास्थ्य को संभाला है।

संघर्ष समिति ने बताया कि राज्य बजट में पैरामेडिकल के पद 1500 से बढ़ाकर 4000 किए जाना स्वागत योग्य कदम है, किंतु यदि भर्ती प्रक्रिया में अनुभव आधारित मेरिट-बोनस का प्रावधान नहीं रखा गया, तो वर्षों से सेवा दे रहे अनुभवी कर्मियों के साथ घोर अन्याय होगा, ऐसे में भर्ती जारी कर संविदा, एनएचएम व पीपीपी पैरामेडिकल कार्मिकों के भविष्य को सुरक्षित किया जाए।

संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो प्रदेशभर के पैरामेडिकल अभ्यर्थी लोकतांत्रिक व संवैधानिक तरीके से राज्यव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। समिति ने मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा मंत्री से जनहित, स्वास्थ्य हित और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए तत्काल नियम संशोधन व मेरिट-बोनस लागू करने की मांग की है।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *