Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

सीतापुर में घने कोहरे ने ली मासूम समेत दो की जान

शाम 5 बजे छाया घना कोहरा
राष्ट्रीय राजमार्ग पर घना कोहरा

सीतापुर, 16 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । जनपद में मंगलवार की सुबह से लेकर शाम 5 बजे तक छाए घने कोहरे ने कहर बरपा दिया। सुबह से ही दृश्यता बेहद कम रही, जिसके चलते जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक मासूम बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।

लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गौरी पुरवा मजरा लच्छन नगर में मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से 9 वर्षीय शाहनवाज पुत्र हफीज खान की मौत हो गई। वह अपने दोस्त के साथ खेल रहा था, तभी कोहरे के बीच गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। परिजनों का आरोप है कि चालक ने हादसे के बाद बच्चे के शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया और फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लहरपुर कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि आरोपित की जांच की जा रही है।

वहीं मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के मिश्रिख-कुतुबनगर मार्ग पर दरोगापुरवा गांव के पास घने कोहरे के चलते दुग्ध वाहन और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में कुतुबनगर निवासी योगेंद्र कश्यप (33) की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसे का कारण घना कोहरा माना जा रहा है।

इसी तरह सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर संदना थाना क्षेत्र में घने कोहरे के बीच मारुति स्विफ्ट डिजायर कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दो महिलाओं सहित पांच लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

खैराबाद थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर कोहरे में तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रहे अर्पित निवासी कचौरा को टक्कर मार दी, जिन्हें गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया। वहीं सिधौली थाना क्षेत्र के बंदरिया बाजार चौराहे पर ऑटो और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में एक युवक घायल हो गया।

सीओ सिटी विनायक भोसले ने लोगों से घने कोहरे में सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

—————

(Udaipur Kiran) / Mahesh Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *