देवघर–बासुकीनाथ फोरलेन निर्माण कार्यों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण

देवघर, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने बुधवार को देवघर–बासुकीनाथ फोरलेन निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर बुधवार को विभिन्न चरणों में चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने तपोवन से हिण्डोलावरण तक फोरलेन कार्य, आरओबी निर्माण, वाहन अंडरपास निर्माण और ग्रीन कॉरिडोर के कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
उपायुक्त ने विशेष रूप से वाहन अंडरपास निर्माण पर ध्यान देने को कहा, ताकि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को समाप्त कर सड़क के दोनों ओर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने भू-अर्जन, भू-हस्तांतरण और मुआवजा वितरण से जुड़े लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया, ताकि शेष कार्यों में देरी न हो।
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि फोरलेन परियोजना देवघर और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी मार्ग है, इसलिए निर्माण की गुणवत्ता और गति दोनों पर विशेष ध्यान रखें।
निरीक्षण के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमर कुमार, राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, मोहनपुर के बीडीओ और सीओ, डीएमएफटी टीम, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित विभाग और एजेंसी के अधिकारी मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar



