Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

कन्नौज: मेरा युवा भारत का जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित

कन्नौज: मेरा युवा भारत द्वारा जनपद स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन

कन्नौज, 17 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, कन्नौज द्वारा जनपद के बोर्डिंग ग्राउंड में जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सदर विधायक असीम अरुण ने किया।

मुख्य अतिथि असीम अरुण ने युवाओं को भारत सरकार की खेलो इंडिया योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में खेलों से जुड़ने का आह्वान किया तथा जनपद में खेल संबंधी विकास कार्यों की जानकारी प्रदान करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं पार्टी जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने खेलो भारत नीति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए खिलाड़ियों को खेलकूद प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 06 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें 400 मीटर दौड़ (महिला-पुरुष), लंबी कूद (पुरुष), वॉलीबॉल (पुरुष), कबड्डी (महिला) एवं स्लो साइक्लिंग शामिल रही।

कार्यक्रम के दौरान जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने प्रतियोगिता की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जनपद के चार विकास खंड—कन्नौज, जलालाबाद, गुगरापुर एवं तालग्राम में आयोजित ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को जनपद स्तर पर प्रतिभाग का अवसर प्रदान किया गया है।

परिणाम इस प्रकार रहे

• कबड्डी प्रतियोगिता में कन्नौज टीम विजेता एवं तालग्राम टीम उपविजेता रही।

• वॉलीबॉल प्रतियोगिता में तालग्राम टीम विजेता एवं गुगरापुर टीम उपविजेता रही।

• स्लो साइक्लिंग (महिला वर्ग) में अंकिता ने प्रथम, भावना पाल ने द्वितीय एवं कंचन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

• लंबी कूद (पुरुष वर्ग) में संजय यादव प्रथम, पुनीत पाल द्वितीय एवं प्रवीण कुमार तृतीय स्थान पर रहे।

• 400 मीटर महिला दौड़ में संध्या प्रथम, रामकेतकी द्वितीय एवं गौरी तृतीय स्थान पर रहीं।

• 400 मीटर पुरुष दौड़ में प्रशांत कुमार प्रथम, अमित द्वितीय एवं रंजीत तृतीय स्थान पर रहे।

मुख्य अतिथि ने सभी विजेता खिलाड़ियों को मोमेंटो, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिताओं के संचालन में शिक्षा विभाग से चंद्रभान यादव, कौशांक यादव, सऊद रजा एवं संगीता वर्मा द्वारा रेफरी की भूमिका निभाई। जिन्हें निष्पक्ष एवं सफल संचालन हेतु सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने समस्त अतिथियों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में शिवाग, राजेन्द्र, सुरजीत, आदर्श, सुमित, दीपक, चक्रेश पांडे एवं बबीता सहित अन्य सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।

(Udaipur Kiran) झा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *