एसआईआर में शत प्रतिशत कार्य पूरा हाेने पर बीएलओ को डीएम ने किया सम्मानित

सीतापुर, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने सेवता विधानसभा क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं शिक्षा मित्र कुलदीप सिंह को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया। यह सम्मान विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि बीएलओ कुलदीप सिंह ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समयबद्धता के साथ किया। अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची से संबंधित शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य उन्होंने निर्धारित समय सीमा से पहले ही पूर्ण कर लिया, जो अत्यंत सराहनीय है। डीएम ने कहा कि ऐसे कर्मयोगी अधिकारी पूरे जनपद के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और निर्वाचन कार्य की गुणवत्ता को और बेहतर बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया की रीढ़ है और बीएलओ स्तर पर किया गया गुणवत्तापूर्ण कार्य चुनाव व्यवस्था को मजबूत करता है। डीएम ने यह भी अपेक्षा जताई कि अन्य अधिकारी भी समयबद्ध, ईमानदार और उत्तरदायी कार्यशैली अपनाते हुए अपनी भूमिका का निर्वहन करें।
इस दौरान अतिरिक्त मजिस्ट्रेट जनार्दन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / Mahesh Sharma



