Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

पेड़ की डाल गिरते ही टूट गया बिजली का पोल, युवक की दबकर मौत

मृतक निराला भारती उर्फ मनीष कुमार की फाइल फोटो।

– परिजनाें ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

मीरजापुर, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । अहरौरा थाना क्षेत्र के अहरौरा–जमुई रोड पर सोनपुर प्राथमिक विद्यालय के सामने रविवार सुबह करीब 11 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े एक युवक पर अचानक बिजली का जर्जर पोल गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। इलाज के लिए ले जाते समय युवक की मौत हो गई।

सोनपुर अहिरुपुर हरिजन बस्ती निवासी 25 वर्षीय निराला भारती उर्फ मनीष कुमार, पुत्र देवराज उर्फ गुड्डू भारती, दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। रविवार सुबह वह काम पर जाने के लिए घर से निकला था। जैसे ही वह प्राथमिक विद्यालय के सामने पहुंचा, बिजली के पोल के ऊपर से गुजर रही पेड़ की डाल टूटकर नीचे गिरी। डाल के गिरते ही पहले से जर्जर और पेड़ के सहारे टिका विद्युत पोल टूट गया और सीधे मनीष के ऊपर आ गिरा।

हादसे में मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पोल काफी समय से जर्जर हालत में था और पेड़ के सहारे टिका हुआ था। यदि समय रहते विभाग ने पोल को ठीक करा दिया होता, तो मनीष की जान बच सकती थी। परिजनों ने आर्थिक सहायता की मांग भी की है।

इस मामले में प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने बताया कि मृतक के रिश्तेदार धीरज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

वहीं उपखंड अधिकारी विद्युत अहरौरा संजय कुमार ने कहा कि ग्रामीणों के अनुसार कोई व्यक्ति पेड़ पर चढ़कर लकड़ी काट रहा था, उसी दौरान डाल पोल पर गिर गई। मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *