Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

बलिया में बिजली के जर्जर तार बदले जाएंगे

बिजली विभाग की बैठक लेते डीएम

बलिया, 29 सितंबर (Udaipur Kiran News) । बिजली के करंट से दो सगी बहनों की मौत और जिले भर में बिजली से जुड़ी लगातार मिल रही शिकायतों पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह गंभीर हो गए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने विभागीय लापरवाही पर नाराज़गी जताई और सुधार के लिए कड़े निर्देश दिए।

उन्होंने सभी जेई और एसडीओ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने कार्यालयों के फोन उठाएं, शिकायतकर्ताओं की बात सुनें और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान कराएं। साथ ही बिजली से जुड़ी समस्याएं आमजन के जीवन को प्रभावित कर रही हैं और इसमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिले में फैले जर्जर तारों की जांच (सत्यापन) कर एक महीने का अभियान चलाया जाए और समस्या का समग्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जहां कहीं टूटे खंभे हैं, उन्हें अविलंब बदला जाए। साथ ही कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए ताकि आमजन को सुचारू रूप से बिजली मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक कार्ययोजना बनाएं और उसे प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करें, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि कार्यों को पूरा करने के लिए कितनी धनराशि की आवश्यकता होगी। उन्होंने सभी कार्यों को चिन्हित कर तत्कालीन स्तर पर क्रियान्वयन शुरू करने को कहा।

जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि आबादी क्षेत्रों, स्कूलों और सड़कों के किनारे जहाँ बिजली के जर्जर तार लटक रहे हों या खंभे झुके हों, वहां तुरंत तार और खंभे बदले जाएं और जहां कहीं बिजली के कनेक्शन नहीं हैं, विशेषकर प्राथमिक विद्यालयों और ग्राम पंचायतों में, वहां तुरंत आरसी कर कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए।

साथ ही प्रत्येक एसडीओ कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया जाए। वहां लाइट कटने, तार टूटने, खंभा झुकने जैसी शिकायतें तत्काल कंप्यूटर पर दर्ज हों और उन पर त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी कंट्रोल रूम का सीयूजी नंबर, लैंडलाइन नंबर और हेल्पलाइन नंबर सार्वजनिक स्थानों जैसे सभी ग्राम पंचायत भवन, स्कूल, चिकित्सालय, और अन्य सार्वजनिक भवनों पर स्पष्ट रूप से लिखा जाए। मेहनत से काम करें, फील्ड में डटे रहें और विद्युत विभाग की छवि को सुधारें।

—————

(Udaipur Kiran) / नीतू तिवारी

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *