Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

फर्जी इनकम टैक्स मामला: घरेलू कामगार ने गिरोह को दे दी नकद राशि होने की झूठी जानकारी

पुलिस गिरफ्त में आरोपित।

धमतरी, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । फर्जी इनकम टैक्स रेड के नाम पर लूट की साजिश रचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रकरण की मुख्य सूत्रधार महिला आरोपित को गिरफ्तार किया है, जो पीड़ित डाॅ. राठौर के घर में काम करने वाली कर्मचारी ही निकली।

विवेचना में सामने आया कि महिला आरोपित ने डाॅ. राठौर के घर में बड़ी मात्रा में नकद राशि होने की झूठी जानकारी देकर गिरोह को उकसाया। उसने घर का नक्शा तैयार कराने में मदद की, कई बार एक आरोपित को घर बुलाकर नक्शे का मिलान कराया और फर्जी रेड के बाद इनाम मिलने का लालच भी दिया। पीड़ित दिलीप राठौर, निवासी रत्नाबांधा धमतरी ने 12 दिसंबर को सिटी कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 नवंबर को सात अज्ञात व्यक्ति उनके घर में जबरन घुसे और स्वयं को इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताकर बिना किसी सर्च वारंट के घर के कमरों, अलमारियों एवं लॉकर की तलाशी लेने लगे। करीब डेढ़ से दो घंटे तक तलाशी लेने के बाद कुछ भी हाथ न लगने पर वे दो कारों में बैठकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नागपुर, दुर्ग, भिलाई, रायपुर एवं बालोद-दल्लीराजहरा में दबिश देकर पहले ही 12 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में आरोपितों ने अपराध स्वीकार किया। आरोपिताें के कब्जे से चार चारपहिया वाहन, 14 मोबाइल फोन, पांच नग जूट की खाली बोरियां जब्त की गईं।

महिला आरोपित की भूमिका उजागर

गिरफ्तार आरोपित श्रवण ध्रुव के कथन के आधार पर महिला आरोपित सुनैना सोनी उर्फ मोना (उम्र 32 वर्ष) निवासी हटकेशर वार्ड, रत्नाबांधा रोड, धमतरी से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। महिला आरोपित के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *