हाथरस: झोपड़ी में लगी आग, जिंदा जलकर वृद्ध की मौत

हाथरस, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश में हाथरस जिले के सादाबाद थाना क्षेत्र स्थित बिसावर गांव में सोमवार की देर रात झोपड़ी में आग लग गई। आग की चपेट में आकर झोपड़ी में सो रहे वृद्ध और 10 बकरियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। नायब तहसीलदार अशोक कुमार गुप्ता और लेखपाल बृजेश कौशिक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
नायब तहसीलदार ने बताया कि सादाबाद कस्बा के बिसावर स्थित मोहल्ला मुकन्दपुर में एक झोपड़ी में सोमवार देर रात उस वक्त आग लग गई जब बनी सिंह (70) सो रहे थे। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी चपेट में आकर बनी सिंह की जिंदा जलकर मौत हो गई। साथ ही झोपड़ी में बंधी 10 बकरियां भी जलकर राख हो गईं। मंगलवार को जांच को पहुंचे जिला प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
नायब तहसीलदार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग अलाव से लगने की संभावना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की पूरी जांच कर विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी। साथ ही, शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से पीड़ित परिवार प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को शीघ्र आर्थिक सहायता, पशु हानि का मुआवजा और अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। आग से झोपड़ी और घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया है, जिससे परिवार के सामने रहने और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।—————-
(Udaipur Kiran) / मदन मोहन राना



