Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
JHARKHAND

विदेशी मुद्रा चोरी का खुलासा, छह गिरफ्तार

प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल अधिकारी
जब्त तेल और कार
जब्त करेंसी

रामगढ़, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । रामगढ़ जिले में विदेशी मुद्रा चोरी और डीजल चोरी मामले का भंडाफोड़ हुआ है। इन दोनों मामलों में कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। रजरप्पा एवं गोला थाना की पुलिस ने 48 घंटे के भीतर दो बड़ी वारदातों को सुलझाते हुए अपराधियों के मनोबल पर कड़ा प्रहार किया है। बुधवार को रजरप्पा थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने रजरप्पा में हुई विदेशी मुद्रा चोरी और गोला में सक्रिय तेल चोर गिरोह के भंडाफोड़ की जानकारी दी। साथ ही बड़ी मात्रा में चोरी की विदेशी करेंसी, डीजल और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। एसपी ने दोनों मामलों में पुलिस टीम की तत्परता और पेशेवर कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपराधियों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

रिश्तेदार की शादी में गए थे, घर से उड़ गई विदेशी मुद्रा

चितरपुर के बेलाल नगर निवासी वाजदा तबस्सुम पति मुर्तजा अली 25 नवंबर को अपनी तीन बेटियों के साथ रिश्तेदार की शादी में जमशेदपुर गई थी। इसी दौरान चोरों ने उनके घर को निशाना बना लिया। जब 27 नवंबर को उनकी मां मेहर फातिमा और भाई जाहिद आलम घर पहुंचे तो पूरा सामान बिखरा पाया। इस मामले में रजरप्पा थाना में कांड संख्या 189/2025 दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की। एसपी अजय कुमार ने एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर 2 दिसंबर को गुप्त सूचना मिली कि चोरी की विदेशी मुद्रा बदलने के लिए दो युवक चितरपुर स्थित विदेशी मुद्रा एक्सचेंज करने वाले दुकान पर जाने वाले हैं। पुलिस टीम ने रजरप्पा मोड़ पर घेराबंदी कर छोटू कुमार महतो (22 ) और सन्नी कुमार (20 ) को दबोच लिया। दोनों बोकारो जिले के माराफारी थाना अंतर्गत आजाद नगर सिवनडीह के रहने वाले हैं।

चोरी की गई लाखों के दिरहम एवं रियाल नोट बरामद

उनके पास से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दिरहम के 1000 मूल्य के 30 नोट, 500 मूल्य के 3 नोट, 100 मूल्य का एक नोट बरामद किया गया। कुल बरामद राशि 31,600 दिरहम है, जिसकी भारतीय मूल्य में कुल कीमत 7,73,980 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा सऊदी अरब की मुद्रा भी मिली है, जिसमें 500 रियाल का 1 नोट और 100 रियाल का 1 नोट शामिल है। कुल 600 रियाल की भारतीय कीमत 14,419 रुपए बताई गई है। साथ ही भूरे रंग का ओप्पो एएस प्रो 5जी मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जिसमें जियो कंपनी का सिम लगा हुआ है। एसपी ने बताया कि आरोपी छोटू कुमार महतो का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बालीडीह, बोकारो आरपीएफ, माराफारी, बोकारो रेल थाना और धनबाद रेल थाना में कई मामले दर्ज हैं।

चोरी के डीजल के साथ तीन गिरफ्तार, सरगना भी पकड़ा गया

उधर, बीती रात 11:30 बजे एसपी को सूचना मिली कि तेल चोरी करने वाला गिरोह गोला थाना क्षेत्र में सक्रिय है। सूचना पर तुरंत एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष दल गठित किया गया। गोला थाना के हेमतपुर स्थित प्रेम लाइन होटल के पास वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध अल्टो कार (जेएच01जी-5860) को पुलिस ने पीछा कर पकड़ा। कार से पांच ब्लू गैलन में भरे 175 लीटर डीजल बरामद किए गए। पूछताछ में तीनों युवक गोपी मुंडा, सागर बेदिया और विजय बेदिया ने स्वीकार किया कि वे तेल चोर गिरोह बनाकर कई वर्षों से रामगढ़ जिले के कुजू, भुरकुंडा, बरकाकाना, रामगढ़, घाटों एवं हजारीबाग के चरही स्थित लाइन होटल के पास खड़ी हाईवा-ट्रकों के टैंकर का लॉक तोड़कर डीजल चोरी करते आए हैं। चोरी का डीजल वे गिद्दी थाना क्षेत्र के ताहिर अंसारी को 70-75 रुपये प्रति लीटर में बेच देते थे। उनकी निशानदेही पर ताहिर अंसारी को भी गिरफ्तार किया गया। उसके घर से चोरी का डीजल, मोबाइल फोन और बिक्री में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए गए। मामले में गोला थाना कांड संख्या 130/2025 दर्ज कर सभी आरोपिताें को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

छापेमारी दल में ये थे शामिल

रजरप्पा थाना क्षेत्र के छापेमारी दल में एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद, रजरप्पा के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, अवर निरीक्षक रोहित राज सिंह, रंजीत कुमार महतो, निरंजन कुमार सिंह, अशोक कुमार, आरक्षी मारकंडेय, सुरेंद्र साहू, बिनोद वास्के व दिलीप वर्णवाल शामिल थे।

वहीं, गोला थाना क्षेत्र के छापेमारी दल में एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद, गोला अंचल के पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, अवर निरीक्षक अमित कुमार, रोहित कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक बहादुर महतो, तहसीन अहमद, संजय कुमार गोराई शामिल थे।

—————

(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *