Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

सत्ताइस दिन से फरार सपा के पूर्व विधायक ने फिल्मी अंदाज में न्यायालय में किया समर्पण

न्यायालय में पुलिस कस्टडी में सपा के पूर्व विधायक

–मोंठ में रंगदारी व लूट का लिखा है मुकदमा

झांसी, 18 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में विधानसभा क्षेत्र गरौठा से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव ने गुरुवार सुबह फिल्मी अंदाज में न्यायालय में समर्पण कर दिया। आश्चर्य की बात तो यह रही कि पुलिस को उनके आत्मसमर्पण करने की भनक तक नहीं लगी। वह लूट और रंगदारी के केस में 27 दिन से फरार थे। इससे पूर्व 20 करोड़ से अधिक की सम्पत्ति कुर्क होने के बाद 16 दिसम्बर को उनके आत्मसमर्पण की चर्चाएं जोरों पर रहीं थीं। लेकिन पुलिस को केवल हताशा ही हाथ लगी थी।

गुरुवार सुबह सबकुछ रोज की तरह ही सामान्य चल रहा था। जैसे ही न्यायालय खुलने का समय हुआ कि एकदम फिल्मी अंदाज में पुलिस को चकमा देकर दीपनारायण सिंह यादव अचानक न्यायालय खुलने से पहले ही पहुंच गए और न्यायालय खुलते ही जज के सामने सरेंडर कर दिया। सूचना पर पुलिस भी न्यायालय पहुंच गई। उनके आत्मसमर्पण की पुष्टि एसएसपी ने की।

इससे पहले 13 दिसम्बर को पुलिस व प्रशासन ने दीपनारायण यादव की 20 करोड़ रुपए की 3 प्रॉपर्टी कुर्क की थी। इसमें कुरगुआंजी स्थित प्लाट, भगवंत पुरा में मून सिटी की जमीन और बनगुआ गांव की जमीनें शामिल हैं।

बता दें कि 22 दिन से पुलिस पूर्व विधायक की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी कर चुकी थी। जिलाधिकारी ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्की की कार्रवाई के आदेश दिए थे। जिस पर पुलिस ने उनकी चल-अचल सम्पत्ति का ब्यौरा एकत्र कर दो दिन पहले उनके मकान पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया था।

–दर्ज हैं 65 मुकदमें

समाजवादी पार्टी से गरौठा विधानसभा सीट पर चुनाव जीतकर विधायक रह चुके दीपनारायण सिंह का रसूख तेजी से बढ़ा था। उनके कद के साथ ही उन पर दर्ज होने वाली मुकदमों का ग्राफ भी बढ़ता चला गया। हाल ही में उनके खिलाफ लूट का मामला दर्ज हुआ था। जिसमें पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।

इस बारे में एसएसपी बीबीजीटस मूर्ति ने बताया कि पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव पर मोंठ थाने में साथियों के साथ मिलकर लूट और रंगदारी के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस टीम दबिश दे रही थी। गुरुवार को उन्होंने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।

—————

(Udaipur Kiran) / महेश पटैरिया

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *