कमजोर वर्गों का वोट काटकर राज करना चाहती है सरकार : चंद्रशेखर आजाद

कानपुर, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सरकार कमजोर वर्ग का वोट काटकर राज करना चाहती है। इलेक्शन कमीशन अब राज्य सरकार को रिपोर्ट देने लगा है। यूपी में पहले से ही आठ लाख करोड़ रुपए का कर्जा है। इसका मतलब हर व्यक्ति पर 31 हजार रुपए का कर्ज है। जो सरकार पहले से ही कर्ज में डूबी है, वह जनता को पैसा क्या देगी? इसके अलावा मनरेगा योजना में 90 प्रतिशत खर्च केंद्र सरकार देती थी। अब साठ प्रतिशत ही देगी। यह जानबूझकर ग्रामीण क्षेत्रों में जो संवैधानिक अधिकार मिला था उसे खत्म किया जा रहा है। यह बातें रविवार को कानपुर पहुंचे आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कही।
घाटमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पालमपुर गांव में बंधुता दिवस के अवसर पर दलित, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग भाईचारा सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद मौजूदा सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर लोकसभा सदन के दौरान काफी बहस हुई है। इस प्रक्रिया को लेकर सबसे ज्यादा परेशान उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री हैं। उनके मुताबिक चार करोड़ वोट काट दिए गए हैं। आखिरकार इसकी जानकारी उनके पास कहां से आई? यह बड़ा सवाल है क्या चुनाव आयोग सीधे उन्ही को रिपोर्ट कर रहा है?
यह सरकार हर मुद्दे पर बात करती है। केवल स्वास्थ्य शिक्षा और रोजगार पर कोई बात नहीं करती, नौजवान शिक्षा प्राप्त करने के बाद भी आज भी बेरोजगार घूम रहे हैं। प्रदेश में विकास के नाम पर केवल जनता को गुमराह करने का काम किया जा रहा है। पिछड़ों को उनका अधिकार नहीं मिल रहा है।
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप



