Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

भजन-कीर्तन और लंगर के साथ मना गुरु नानक देव का 556वां प्रकाश पर्व

नगर भ्रमण करते सिख समुदाय के लोग।

मीरजापुर, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के राजगढ़ स्थित गुरुद्वारे में बुधवार को सिख धर्म के प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी का 556वां जन्मोत्सव काे बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ प्रकाश पर्व के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारे से गुरु ग्रंथ साहब की भव्य झांकी निकाली गई, जो भजन-कीर्तन और शबद गायन के बीच नगर भ्रमण करते हुए पुनः गुरुद्वारे पहुंच कर संपन्न हुई।

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में राजगढ़ गुरुद्वारे में तीन दिनों तक अखंड पाठ, शबद कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अमृतसर से आए कथावाचक ज्ञानी मंगलजीत सिंह ने गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन और उनके उपदेशों पर प्रकाश डालते हुए संगत को निहाल किया। भजन-कीर्तन में सरदार गुरदेव सिंह सहित अन्य रागी जत्थों ने गुरुवाणी का मधुर गायन किया।

नगर भ्रमण के दौरान सिख समुदाय के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में तलवारों के साथ गतका कला कौशल का प्रदर्शन किया, जिसे देख श्रद्धालु आश्चर्यचकित रह गए। बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए करतब झांकी का विशेष आकर्षण रहे। लगभग तीन किलोमीटर लंबे नगर भ्रमण में “वाहे गुरु” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारे में विशाल लंगर (भंडारे) का आयोजन किया गया, जिसमें सिख, हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। झांकी में अहरौरा, ओबरा, रावटसगंज सहित आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं की भी बड़ी सहभागिता रही।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *