भीषण ठंड को देखते हुए बलरामपुर में 24 से 26 दिसंबर तक कक्षा 8 तक के सभी स्कूल बंद

बलरामपुर, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहरी के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक संचालित सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों को 24 दिसंबर से 26 दिसंबर तक बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। यह आदेश बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
जनपद बलरामपुर इन दिनों भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे छोटे बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में विद्यालयों को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय जिला प्रशासन के द्वारा लिया गया है। कक्षा 9 से ऊपर की कक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित समय के अनुसार संचालित होंगी।
जिला प्रशासन ने ठंड से बचाव के लिए आमजन से सतर्कता बरतने की भी अपील की है। प्रशासन द्वारा नगरों और कस्बों में सार्वजनिक स्थलों, चौराहों और प्रमुख बाजारों में अलाव की व्यवस्था कराई गई है। साथ ही जरूरतमंदों के लिए रैन बसेरों को अपडेट किया गया है, जहां ठहरने, कंबल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अलाव और रैन बसेरों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि अत्यधिक ठंड में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें तथा ठंड से बचाव के सभी उपाय अपनाएं। जनपदवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।
(Udaipur Kiran) / प्रभाकर कसौधन



