Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

आयुष्मान कार्ड अभियान में तेजी के निर्देश, लक्ष्य पूरा न होने पर डीएम नाराज़

संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते डीएम पवन कुमार गंगवार

मीरजापुर, 22 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सम्बंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष आयुष्मान कार्ड बनवाना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि आयुष्मान कार्ड गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवन रक्षक साबित हो रहा है, ऐसे में इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ग्राम स्तर पर लम्बित हितग्राहियों की सूची तैयार कर वन-टू-वन अप्रोच के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड शीघ्र और प्राथमिकता से बनाने को कहा गया।

अभियान की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि सीएचओ, पंचायत सहायक और आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाएं। जिन सीएचओ, पंचायत सहायकों और आशाओं की आईडी अभी तक एक्टिवेट नहीं है, उनकी सूची तत्काल उपलब्ध कराने और आईडी को सक्रिय कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सीएचओ और पंचायत सहायकों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने को कहा गया।

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 63 आईडी आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए क्रियाशील हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में जिनकी आईडी बनाई गई थी लेकिन वर्तमान में निष्क्रिय है, उनकी सूची तैयार कर उन्हें पुनः क्रियाशील कराया जाए। इसके अतिरिक्त जिला पूर्ति अधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि पंचायत सहायकों और राशन की फुटकर दुकानों के माध्यम से भी सीएचओ, पंचायत सहायक और आशा कार्यकर्ताओं से समन्वय स्थापित कर पात्र व्यक्तियों की सूची तैयार कराई जाए, जिससे अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा सकें। क्रियाशील आईडी की ब्लॉकवार सूची उपलब्ध कराकर प्रतिदिन कितने आयुष्मान कार्ड बने, इसकी दैनिक समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

इस अभियान में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सी.एल. वर्मा, उपायुक्त एनआरएलएम धरमजीत सिंह सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *