Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

राजभाषा नीति को लागू करना हम सबका संवैधानिक कर्तव्य : महाप्रबंधक

रेल संगम का विमोचन

-महाप्रबंधक ने मुख्यालय की राजभाषा पत्रिका ‘रेल संगम’ का किया विमोचन

प्रयागराज, 19 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए महाप्रबंधक ने कहा कि संघ की राजभाषा नीति को लागू करना हम सबका संवैधानिक कर्तव्य और कानूनी दायित्व है। हमारी रेलवे राजभाषा कार्यान्वयन की दृष्टि से पूरी तरह ’क’ क्षेत्र में स्थित है।

उन्होंने कहा कि हमारे अधिकतर अधिकारी और कर्मचारी हिंदी में प्रवीणता प्राप्त हैं या उन्हें कार्यसाधक ज्ञान प्राप्त है। इसलिए हमें पूरी कर्तव्य भावना के साथ राजभाषा हिंदी का प्रयोग प्रसार करना चाहिए और राजभाषा कार्यान्वयन से संबंधित विभिन्न प्रावधानों को लागू करने के लिए गृह मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड स्तर से प्राप्त सभी आदेशों, निर्देशों, कार्यक्रमों आदि पर पूरी तत्परता से कार्रवाई की जानी चाहिए।

नरेश पाल सिंह ने कहा कि स्टेशनों पर यात्री एवं ग्राहक सेवा और सुविधाओं से संबंधित सूचनाओं तथा अन्य सभी मदों में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का अनिवार्य रूप से प्रयोग किया जाए तथा इन्हें हिंदी-अंग्रेजी दोनों भाषाओं में प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों और अधिकारियों को सभी प्रकार के पत्राचार, टिप्पणियों, डिक्टेशन विभागीय कार्यवाहियों आदि के मद में हिंदी अथवा हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषी के प्रयोग में हासिल प्रगति को बनाए रखने और अपेक्षित लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के प्रारम्भ में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने मुख्यालय की राजभाषा पत्रिका ‘रेल संगम’ के लेखा विभाग विशेषांक का विमोचन किया। बैठक में उप मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं उप मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर प्रोजेक्ट श्रीमती प्रियंका सिह ने राजभाषा के प्रयोग-प्रसार के लिए किए गए कार्यों और हासिल उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, आगरा में बिजली कर्षण वितरण शाखा में किए जा रहे कार्यों की राजभाषा प्रदर्शनी लगाई गई तथा राजभाषा के प्रयोग-प्रसार की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे के एक अधिकारी और तीन कर्मचारियों को राजभाषा में उत्कृष्ट कार्यनिष्पादन के लिए रेलवे बोर्ड के व्यक्तिगत नकद पुरस्कार योजना का पुरस्कार प्रदान किया गया है।

कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक जे.एस. लाकरा और सभी प्रधान विभागाध्यक्षों सहित अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे। मंडलों और कारखानों के सदस्य अधिकारियों ने आनलाइन सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी चन्द्र भूषण पाण्डेय ने किया।

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *