झारखंड शराब घोटाला: एसीबी ने दूसरे दिन भी रायपुर जेल में अनवर ढेबर से की पूछताछ

रांची, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड शराब घोटाला मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने दूसरे दिन शुक्रवार को भी छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारी अनवर ढेबर से पूछताछ की। अदालत से अनुमति मिलने के बाद एसीबी की टीम रायपुर जेल पहुंचकर अनवर ढेबर से पूछताछ कर रही है। इससे पहले गुरुवार को भी एजेंसी ने उनसे पूछताछ की थी, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आने की बात कही जा रही है।
दरअसल, अनवर ढेबर छत्तीसगढ़ में तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल के दौरान सामने आए शराब घोटाले के मामले में भी आरोपित हैं। छत्तीसगढ़ में आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के तत्कालीन एमडी अरुणपति त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के कथित अवैध सिंडिकेट के माध्यम से बड़े पैमाने पर शराब घोटाला किए जाने के आरोप हैं।
आरोपों के अनुसार, वर्ष 2019 से 2022 के बीच सरकारी शराब दुकानों के माध्यम से डुप्लीकेट होलोग्राम लगाकर अवैध शराब की बिक्री की गई, जिससे राज्य सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ।
वहीं झारखंड शराब घोटाले में मैनपावर सप्लाई करने वाली कंपनियों और शराब के होलसेल स्टॉक से जुड़ी कंपनियों को करोड़ों रुपये का भुगतान करने, फर्जी बैंक गारंटी के जरिए टेंडर देने और अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। एसीबी इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए गहन जांच में जुटी हुई है।————-
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे



