आईआईएम रांची में झारखंड के पहले जेन-जेड पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन

रांची, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । डाक विभाग की एक अभिनव और दूरदर्शी पहल के तहत सोमवार को आईआईएम रांची परिसर में झारखंड राज्य के पहले जेन-जेड पोस्ट ऑफिस (पोस्ट कैफे) का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर झारखंड डाक परिमंडल के निदेशक राम विलास चौधरी, आईआईएम रांची के शासी मंडल सदस्य ओम प्रकाश सिंघानिया एवं आईआईएम रांची के निदेशक प्रो. दीपक श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इसका शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक राम विलास चौधरी ने बताया कि नवस्थापित जेन-जेड पोस्ट ऑफिस को पिन कोड 834017 आवंटित किया गया है। इससे आईआईएम रांची परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को आधुनिक, डिजिटल और सुदृढ़ डाक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया की परिकल्पना पर आधारित है, जिसका उद्देश्य युवाओं को अनुभवात्मक और डिजिटल स्वरूप में डाक सेवाओं से जोड़ना है।
वरिष्ठ डाक अधीक्षक, रांची मंडल, रूपक कुमार सिन्हा ने बताया कि यह पोस्ट ऑफिस केवल पारंपरिक डाकघर नहीं, बल्कि पोस्ट कैफे और अनुभव केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड पोस्ट, पार्सल सेवाएं, डाक बचत योजनाएं, बीमा, फिलैटली तथा ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स सहित सभी प्रमुख डाक सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही डिजिटल भुगतान, क्यूआर-कोड आधारित सेवाएं और ऑनलाइन ट्रैकिंग की सुविधाएं भी प्रदान की गई हैं।
वक्ताओं ने कहा कि यह पहल ‘नए भारत’ के लिए ‘नई डाक’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और भविष्य में अन्य शैक्षणिक संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
उद्घाटन समारोह में डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, आईआईएम रांची के अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।———-
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar



