ऑपरेशन टेबल से मौत का सफर-लापरवाही से गई प्रसूता की जान, अस्पताल सीज

सीतापुर, 21 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । बिसवां कोतवाली क्षेत्र के सांडा इलाके में एक प्रसूता की मौत ने रविवार को स्वास्थ्य विभाग और निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली की पोल खोलकर रख दी। आरोप है कि निजी आयुष्मान हेल्थ केयर हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान घोर लापरवाही बरती गई, जिसके चलते महिला की हालत बिगड़ती चली गई और अंततः लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
इमरान शनिवार देर रात प्रसव पीड़ा से जूझ रही अपनी पत्नी शहनूर बानो को सांडा स्थित आयुष्मान हॉस्पिटल लेकर पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद डॉक्टर अभिषेक मिश्रा ने बिना पर्याप्त जांच के तत्काल ऑपरेशन का निर्णय ले लिया। ऑपरेशन के दौरान अचानक महिला की हालत बिगड़ गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। परिजनों का कहना है कि हालत संभालने के लिए आवश्यक इलाज और संसाधन उपलब्ध कराने के बजाय डॉक्टर ने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए महिला को लखनऊ रेफर कर दिया। तब तक शहनूर बानो की स्थिति बेहद नाजुक हो चुकी थी। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया और डॉक्टर व अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
–मौत के बाद सक्रिय हुआ स्वास्थ्य विभाग
मामले की सूचना मिलते ही सीएचसी अधीक्षक मौके पर पहुंचे और अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर आयुष्मान हॉस्पिटल को तत्काल सीज कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल के दस्तावेज और रिकॉर्ड कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
एसीएमओ राजशेखर ने (Udaipur Kiran) से बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर संबंधित डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचकर रविवार दोपहर अस्पताल को सीज करने की कार्रवाई की गई है। वहीं पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
—————
(Udaipur Kiran) / Mahesh Sharma



