Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

महापौर की पहल: भाजपा ​बूथ अध्यक्षों के द्वार पर अब चमकेगी नेम प्लेट

भाजपा बूथ अध्यक्ष को नेम प्लेट देते महापौर

पार्टी ​संगठन को सम्मान,नाम पट्टिका पर दर्ज होगा महापौर, विधायक और पार्षद का नाम

वाराणसी,22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी में नगर निगम के महापौर अशोक तिवारी की पहल पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बूथ अध्यक्षों के घर के द्वार पर नेम प्लेट लगेगी। सोमवार को छित्तूपुर वार्ड में आयोजित एक समारोह के दौरान महापौर ने भाजपा संगठन के बूथ अध्यक्षों और पदाधिकारियों के बीच विशेष ‘नेम प्लेट’ वितरित की। इस पहल को संगठन की मजबूती और पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

इस नेम प्लेट में न केवल बूथ अध्यक्ष का नाम और मोबाइल नंबर अंकित है, बल्कि उस पर क्षेत्रीय विधायक, महापौर और स्थानीय पार्षद का नाम भी दर्ज किया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि क्षेत्र का कोई भी नागरिक सीधे अपने बूथ स्तर के पदाधिकारी या जनप्रतिनिधियों की जानकारी प्राप्त कर सके और अपनी समस्याओं को सही मंच तक पहुंचा सके। नगर के विकास के साथ-साथ पार्टी संगठन के जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की एक नई परिपाटी शुरू होने पर आम कार्यकर्ता भी उत्साहित है। महापौर ने बूथ अध्यक्षों का इस दौरान जमकर उत्साह बढ़ाया।

—— महापौर ने ​एक साथ 10 विकास कार्यों का किया शिलान्यास

पार्टी के संगठनात्मक कार्यों के साथ ही महापौर अशोक तिवारी ने विकास की कड़ी में लहरतारा, लोको छित्तूपुर, सुसुवाही और करौंदी वार्ड के नागरिकों को करोड़ों की सौगात दी। उन्होंने कुल 1 करोड़ 73 लाख की लागत वाले 10 विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। विकास कार्यों की शुरुआत लहरतारा (वार्ड संख्या 1) से हुई, जहाँ मानिक नगर कॉलोनी में बौलिया रोड से लालजी व कौशल सिंह के आवास तक पार्क के चारों ओर नाली, इंटरलॉकिंग पटरी और बिटुमिन मार्ग के निर्माण की नींव रखी गई। इस कार्य पर 31.30 लाख रुपये खर्च होंगे। ​सुसुवाही (वार्ड 39) में विकास की बड़ी लहर दिखी, जहाँ कुल चार कार्यों का शिलान्यास हुआ। इसमें कामिनी विहार में 15 लाख, स्वर्गीय मनोज शर्मा के मकान के पास छह लाख, लोक विहार में समंत जी से पांडे जी के मकान तक 37.88 लाख और गणेशपुरी कॉलोनी लेन नंबर तीन में 14.70 लाख की लागत से सड़कों का जाल बिछाया जाएगा। ​इसी प्रकार करौंदी (वार्ड 33) में हरिजन बस्ती में जल निकासी व इंटरलॉकिंग के लिए 20 लाख, हैदराबाद गेट मार्ग से महामनापुरी पार्क तक फुटपाथ निर्माण के लिए 30.34 लाख और महामनापुरी लेन नंबर 11 में इंटरलॉकिंग कार्य के लिए 12.52 लाख रुपये की योजना को हरी झंडी दिखाई गई। लोको छित्तूपुर (वार्ड-सात) में भी गली सुधार और इंटरलॉकिंग के दो बड़े कार्यों (लागत 42.97 लाख और 23.57 लाख) का शुभारंभ हुआ।

——​क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर पार्षद संजू सरोज, प्रवीण राय, सुरेश पटेल, श्याम भूषण शर्मा, विनीत सिंह, विवेक कुशवाहा, गोपाल जी, पार्षद प्रतिनिधि नवनीत पांडेय आदि भी मौजूद रहे।

​

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *