Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

वाराणसी में दुर्गा पूजा व दशहरा को लेकर महापौर ने की समीक्षा बैठक

महापौर की समीक्षा बैठक

—क्विक रिस्पॉन्स टीम 24 घंटे रहेगी तैनात, जोनल अफसरों को पूजा पंडाल संचालकों से मिलने के निर्देश

वाराणसी, 22 सितंबर (Udaipur Kiran) । शारदीय नवरात्र की शुरुआत के साथ उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व की तैयारियों को लेकर नगर निगम पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार शाम नगर निगम के स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें पर्व के दौरान जनसुविधाओं और व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

महापौर ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम के जोनल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में स्थित सभी पूजा पंडाल संचालकों से व्यक्तिगत रूप से मिलें, उनकी समस्याओं को सूचीबद्ध कर तीन दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्वच्छता और सड़क मरम्मत पर विशेष जोर

बैठक में महापौर ने मुख्य अभियंता को निर्देश दिए कि सभी क्षेत्रों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी सड़कों की मरम्मत या पैचवर्क की आवश्यकता हो तो उसे तत्काल पूरा कराया जाए। पूजा पंडालों, नवदुर्गा मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास नियमित सफाई, चूने व ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और कीटनाशक दवाओं के उपयोग के निर्देश भी दिए गए। साथ ही, कूड़ा रखने के लिए पॉलिबैग्स उपलब्ध कराने को कहा गया।

जलकल विभाग और प्रकाश व्यवस्था पर भी निर्देश

महाप्रबंधक जलकल को निर्देशित किया गया कि उनके अवर अभियंता प्रतिदिन सभी पूजा पंडाल क्षेत्रों का दौरा करें। यदि कहीं सीवर ओवरफ्लो की शिकायत मिले तो उसका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही, मार्ग प्रकाश व्यवस्था को भी बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

क्विक रिस्पॉन्स टीम और मीट दुकानों पर निगरानी

महापौर ने क्विक रिस्पॉन्स टीम को नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान सक्रिय रखने और विशेष रूप से दशाश्वमेध जोन में 24 घंटे शिफ्टवार कैम्प लगाने के निर्देश दिए। पर्व के दौरान नगर क्षेत्र में मीट और मांस की सभी दुकानों को बंद रखने का भी निर्देश जारी किया गया।

यह सुनिश्चित किया गया कि नगर निगम की कूड़ा गाड़ियां प्रतिदिन साफ की जाएं ताकि रास्तों में दुर्गंध न फैले और श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम बना रहे।

इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर नगर आयुक्त सविता यादव, विनोद कुमार गुप्ता, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र, जितेंद्र कुमार आनंद, सहायक नगर आयुक्त मृत्युंजय नारायण मिश्रा, पवन कुमार गुप्ता, इंद्र विजय यादव, मुख्य अभियंता आर.के. सिंह, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, आलोक प्रभारी पियूष मेहरा और जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *