Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

सहकारिता विभाग का सदस्यता अभियान, किसानों को मिलेगा खाद वितरण में प्राथमिकता

कार्यक्रम को सम्बोधित करते वक्ता।

मीरजापुर, 27 सितंबर (Udaipur Kiran News) । बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड एम पैक्स पगार, लहंगपुर में शनिवार को सहकारिता विभाग की ओर से सदस्यता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत किसानों को समिति की सदस्यता ग्रहण कराने के साथ-साथ योजनाओं की जानकारी दी गई। यह अभियान 12 सितंबर से 12 अक्टूबर तक चलेगा।

कार्यक्रम में बताया गया कि सदस्यता शुल्क कुल 226 रुपये है, जिसमें 200 रुपये शेयर, 21 रुपये सदस्यता शुल्क और 5 रुपये कृषक पंजिका शुल्क शामिल हैं। किसानों को पासबुक की तरह कृषक पंजिका दी जाएगी, जिसमें खाद लेने और अन्य विवरण दर्ज होंगे। सहकारिता विभाग के अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक, लखनऊ नोडल सदस्यता अभियान विंध्याचल मंडल, देवमणि मिश्रा ने कहा कि खाद वितरण में पंजीकृत सदस्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

मुख्य अतिथि छानवे विधायक रिंकी कोल ने सदस्यता ग्रहण करने वाले किसानों को कृषक पंजिका प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बालेंदु मणि त्रिपाठी ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए समिति तक जाने वाले कच्चे रास्ते को इंटरलॉकिंग कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने बताया कि समिति की इमारत 1984 में बनी थी, जिसकी छत से बरसात के समय पानी टपकता है और खाद-बीज खराब हो जाते हैं। इस पर संयुक्त आयुक्त ने भवन की मरम्मत का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. जगदीश सिंह पटेल, एआर अमित कुमार पांडेय, जयशंकर तिवारी, योगेंद्र पाल सिंह, सुशील दुबे सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

————–

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *