एमजीयूजी के विद्यार्थियों ने गांव में लगाया जागरूकता शिविर

गोरखपुर, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) के चिकित्सा विज्ञान संकाय में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना की शिवाजी इकाई के विद्यार्थियों द्वारा ग्राम सोनबरसा में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के मुख्य अतिथि श्री गोरखनाथ मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के प्राचार्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में ग्रामवासियों को स्तन कैंसर के लक्षण, कारण, निदान तथा उपचार के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर जांच एवं उचित उपचार से इस रोग का पूर्ण रूप से उपचार संभव है। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अखिलेश कुमार दुबे ने मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, महिला उद्यमिता एवं महिला सशक्तीकरण से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामवासियों को प्रदान की।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने गांव में स्वच्छता अभियान चलाया, जिसके माध्यम से ग्रामवासियों को स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबरों 1090, 181, 112 आदि की जानकारी दी। ग्राम प्रधान ओम प्रकाश ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक जिस समर्पण एवं अनुशासन के साथ ग्रामों में सामाजिक जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं, वह अत्यंत सराहनीय है।
(Udaipur Kiran) / प्रिंस पाण्डेय



