Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

शिमला के बराबर मुरादाबाद का पहुंचा सात डिग्री तापमान

बुधवार रात्रि में पीली कोठी चौराहे पर घना कोहरा।

मुरादाबाद, 17 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । पीतलनगरी मुरादाबाद में सर्द हवाओं के बीच बुधवार को शिमला और मुरादाबाद का न्यूनतम व अधिकतम तापमान बराबर रहा। मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम 21 डिग्री दर्ज किया गया। घने कोहरे के बीच आज दिनभर सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए। मौसम विशेषज्ञ प्रोफेसर एके सिंह ने बताया कि ठंड दिन प्रतिदिन बढ़ती जाएगी और आगामी सप्ताह में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा।

बुधवार को सुबह महानगवासियों ने सीजन के चौथे कोहरे का सामना किया। मंगलवार आधी रात के बाद शुरू हुई धुंध सुबह होते-होते घने कोहरे में बदल गई जिसने शहर के अंदरूनी इलाकों से लेकर हाईवे और ग्रामीण सड़कों तक अपनी चादर फैला दी। पहली बार छाए इस कोहरे ने ठिठुरन भी काफी बढ़ा दी और लोगों को गर्म कपड़ों में घरों से निकलना पड़ा। उधर माैसम विभाग ने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। सुबह चार बजे के बाद दृश्यता बेहद कम हो गई। दिल्ली रोड, हरिद्वार रोड, रामपुर रोड नैनीताल रोड की ओर जाने वाले अधिकांश मार्गों पर वाहन रफ्तार नहीं पकड़ पाए। उन्हें गाड़ी की हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर सावधानी से गुजरना पड़ा। कोहरे की चादर गली-मोहल्लों में भी छाई रही। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को ठंड ज्यादा महसूस हुई। कई बच्चों ने सिर से पैर तक ऊनी कपड़े पहने। जगह-जगह लोगों व राहगीरों ने आग जलाकर ठंड से बचने का प्रयास किया।

तापमान में आई गिरावट और कोहरे की दस्तक से आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। अचानक बढ़ी ठंड का असर लोगों की दिनचर्या पर भी दिखा। नियमित सुबह की सैर करने वाले लोगों ने अपने समय में बदलाव किया और शाम के समय भी सड़कों पर आम दिनों के मुकाबले जल्दी सन्नाटा पसर गया।

वहीं राजकीय इंटर कॉलेज में बनी मौसम प्रयोगशाला के अनुसार बुधवार को मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री रहा बुधवार को रात्रि 8 बजे कोहरे से शहर ढक गया।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *